
कोलंबो। श्रीलंका में जारी बिजली संकट से निपटने के लिए सरकारी बिजली कंपनी अब भगवान की शरण में जा रही है। कंपनी ने गुरूवार को ईश्वर से मदद मांगने के लिए बौद्धों के लिए पवित्र माने जाने वाले श्री महाबोधि वृक्ष की पूर्जा अर्चना के लिए भेजा है।
कंपनी को उम्मीद है कि इससे बिजली संकट को जल्द खत्म किया जा सकेगा। देश के उत्तरी हिस्से में उस पेड़ में पवित्र जल अर्पण करने के लिए कंपनी ने अपने दूतों को भेजा है। बताते चलें कि श्रीलंका में सूखे के कारण जल-विद्युत उत्पादन प्रभावित हुआ है।
देश में बीते एक हफ्ते से बिजली का संकट चला रहा है। हालांकि, राजधानी कोलंबो इससे प्रभावित नहीं हुई है। मगर, श्रीलंका के बाकी इलाकों में हर रोज प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं और निवासियों को बिना कोई चेतावनी दिए अचानक "लोड शेडिंग" की जा रही है।
बहुप्रतीक्षित बारिश की उम्मीद में देश में बिजली आपूर्तिकर्ता सिलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने कहा है कि श्री महाबोधि वृक्ष की पूर्जा की जाएगी। यह पेड़ अनुराधापुर में है और 2.10 करोड़ आबादी वाले इस देश में बहुतायत में रहने वाले बौद्ध धर्मावलंबियों की इसमें गहरी आस्था है।
बौद्ध भिक्षुओं का आशीर्वाद लेकर जल पात्रों को बोधि भेजा गया है। इस वृक्ष की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। कहा जाता है कि यह पेड़ उस विशाल पेड़ का हिस्सा है, जिसके नीचे करीब 2500 साल पहले भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी।
सिलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि बोधि के निकट पूजा अर्चना की जाएगी और पूरी रात चलने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के बाद कल बौद्ध भिक्षुओं को भोजन कराया जाएगा। बताते चलें कि लंबे समय से चल रही बिजली की कटौती की वजह से एक नई समस्या खड़ी हो गई है। कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठान जेनरेटर के लिए ईंधन की जमाखोरी कर रहे हैं।