
नई दिल्ली। नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद इजरायल के राहत एवं बचाव अभियान की आलोचना हो रही है। वह किराए की कोख से जन्मे 26 इजरायली बच्चों को तो स्वदेश ले गया, लेकिन ऐसी सरोगेट माताओं को नेपाल में ही मरने के लिए छोड़ दिया जिनकी कोख में इजरायली बच्चे पल रहे हैं।
इजरायल के इस कदम की चारों तरफ आलोचना हो रही है। इजरायल में सरोगेसी कानून की समीक्षा के साथ ही साथ ऐसे बच्चों के बचाव पर सरकारी खर्च को लेकर को लेकर बहस तेज हो गई है।
बोइंग 747 से 28 अप्रैल को 15 बच्चे इजरायल लाए गए, लेकिन सरोगेट माताओं को यात्रा करने की इजाजत नहीं मिली। नेपाल में आसानी से उपलब्ध किराए की कोख का असर यह है कि इजरायल, नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक फील्ड अस्पताल भी चला रहा है।
कुछ समय पहले तक पश्चिमी मुल्कों की नजर में सरोगेसी की सबसे पसंदीदा जगह भारत रहा। 2013 में नए कानून के लागू होने के बाद समलैंगिक पुरुषों को और शादी के दो वर्ष से कम समय बाद दंपति को सरोगेट माताओं का इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगा दी गई।
भारत में इस कानून के लागू होने के बाद इजरायलियों ने बच्चा पाने के लिए नेपाल का रुख कर लिया और बाद में इजरायल की एजेंसियां भी उधर ही मुड़ गईं।