
बगदाद। तिकरित में इस्लामिक स्टेट (आईएस) को घेर चुकी इराकी मिलीशिया ने दावा किया है कि अगले 72 घंटों में सेना तिकरित को आतंकियों के कब्जे से मुक्त कराने में सफल हो जाएगी। हालांकि, सैन्य मदद के इंतजार में दो दिन से अभियान रुका हुआ है।
दरअसल, तिकरित को आतंकियों से मुक्त कराने के लिए दो सप्ताह पहले शुरू किए गए इस अभियान ने आतंकियों को उनके गढ़ में कमजोर कर दिया है। आईएस के दर्जनों खतरनाक आतंकियों को तिकरित में घेरने के बाद इराकी मिलीशिया के प्रवक्ता करीम अल-नूरी ने कहा कि यहां से आतंकियों को पूरी तरह खदेड़ने में 72 घंटे से ज्यादा का समय नहीं लगेगा। नूरी ने बताया कि आइएस आतंकी चारों ओर से घिरे हुए हैं।
आतंकियों ने शहर को अपने कब्जे में बनाए रखने के लिए हजारों बम बिछा रखे हैं। एक बार रास्ता साफ होते ही तिकरित के मुक्त होने की घोषणा कर दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि तिकरित को घेरकर बैठी सेना प्रशिक्षित बलों की ओर से सैन्य सहायता की प्रतीक्षा कर रही है।
इराकी कमांडर ने की ईरान की तारीफ
अमेरिका की ओर से इस्लामिक स्टेट के खिलाफ इराक की सहायता का वादा पूरा न कर सकने के बीच इराकी जन सेना के एक प्रमुख नेता ने ईरान की तारीफ की है। कमांडर हदी अल-अमीरी ने कहा कि ईरान की बिना शर्त सहायता प्रशंसा के योग्य है। उसने कहा कि अमेरिका का हाथ चूमते रहो और बदले में कुछ नहीं मिलता।
रातोंरात नहीं मिट सकता आईएस
आईएस के खिलाफ वैश्विक लड़ाई की अगुआई कर रहे अमेरिका ने कहा है कि आतंकी संगठन हथियार संपन्न और बेहतर तरीके से वित्त पोषित है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने कहा कि आईएस को रातोंरात खत्म नहीं किया जा सकता।
सीआईए निदेशक जॉन ब्रेनन ने कहा कि इस आतंकी संगठन को मिटाने में वक्त लगेगा। यह लंबा संघर्ष है। इस बीच पूर्वोत्तर सीरिया में अमेरिकी लड़ाकू विमानों का हमला लगातार जारी है।