
टोक्यो। जापान की टोयोटा मोटर अपने कर्मचारियों में काम और जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने के लिए एक अच्छा कदम उठाने जा रही है। इसके तहत करीब 25 हजार कर्मचारियों को अधिकांश काम घर से निपटाने की सुविधा मिल सकेगी। कंपनी में 72 हजार कर्मचारी काम करते हैं।
कंपनी ने गुरुवार को इस योजना की घोषणा की, जिसके तहत वह टेलीकम्यूट सिस्टम को लागू करने की योजना बना रही है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अभी श्रमिक संघों से इस पर वार्ता कर रही है और उसे अगस्त के शुरू में योजना को लागू हो जाने की उम्मीद है।
किसी किस्म के डाटा को लीक होने से बचाने के लिए कंपनी कर्मचारियों को कंप्यूटर आवंटित करेगी, जो क्लाउड कम्प्यूटिंग सिस्टम में सिर्फ क्लाइंट टर्मिनल की तरह काम करेगा।
घर से काम करने की सुविधा कंपनी में पांच साल से अधिक पुराने कर्मचारियों को मिलेगी। इसके अलावा कंपनी के आईची प्रांत स्थित मुख्यालय में एचआर, एकाउंट और सेल्स डिपार्टमेंट के अलावा रिसर्च एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट में काम करने वाले कर्मचारियों यह सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अन्य इंजीनियरिंग क्षेत्र के कर्मचारियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
योजना के मुताबिक कर्मचारियों को सप्ताह में सिर्फ दो घंटे के लिए कार्यालय आना जरूरी होगा। कंपनी का मानना है कि इस योजना से वे अपने दक्ष और अनुभवी कर्मचारियों को अपने पास बरकरार रख पाएंगे।
इसके साथ ही कंपनी महिला कर्मचारियों को भी शादी के बाद नौकरी छोड़ने से रोक पाएगी, जो जापान में एक आम रिवाज है। इस सुविधा से तेजी से वृद्ध होते जापानी समाज के उन लोगों को भी रोका जा सकेगा, जो घर में बड़े-बुजुर्गो की देखभाल के लिए नौकरी छोड़ देते हैं।