
वाशिंगटन। अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच जारी तनातनी के बीच एक अच्छी खबर अा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान देकर सबको हैरान कर दिया है कि वह किम जोंग से फोन पर बात करना चाहते हैं। इसे विश्व शांति के लिहाज से एक शुभ संकेत माना जा सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन से वह फोन से बात करने को 'बिल्कुल' तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नॉर्थ कोरिया और साउथ कोरिया के बीच होने जा रही बातचीत का कुछ सकारात्मक नतीजा निकलेगा।
ट्रंप ने कहा कि निश्चित रूप से मैं हमेशा बातचीत में विश्वास रखता हूं। बिल्कुल मैं वह करूंगा, इससे मुझे कोई समस्या नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने इतनी ही तेजी से यह भी कहा कि हर बातचीत एक शर्त के साथ होती है।उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस बातचीत के लिये क्या शर्तें होंगी।
दो सालों से भी ज्यादा समय में यह पहला मौका होगा जब मंगलवार को एक सीमावर्ती शहर में उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच कोई औपचारिक वार्ता होगी। इस दौरान दोनों विरोधी पक्ष दक्षिण कोरिया में होने वाले शीतकालीन ओलंपिक खेलों में सहयोग के तरीकों को तलाशनें और आपसी रिश्तों को सुधारने की दिशा में बातचीत करेंगे।
यह भी पढ़ेंः सऊदी के 11 शहजादे गिरफ्तार, आतंकियों के साथ रखे जाएंगे जेल में
उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को लेकर दोनों देशों के बीच खासा तनाव है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नरम रुख के लिए लोग दक्षिण कोरिया की भूमिका को अहम मान रहे हैं। जिस समय उत्तर और दक्षिण कोरिया रिश्तों को ओलिंपिक खेलों के जरिए सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, अमेरिका ने दक्षिण कोरिया की तरफ से की गई संयुक्त युद्ध अभ्यासों को रोकने की गुजारिश मान ली है।
इससे पहले इसी हफ्ते उत्तर कोरिया ने अपनी सीमा पर टेलीफोन हॉटलाइन को फिर से शुरू कर दिया था ताकि दोनों के बीच संपर्क हो सके। हालांकि, बहुत से लोग इस बात को लेकर संदेह जता रहे हैं कि अगले हफ्ते होने वाली वार्ता और उत्तर कोरिया के खेलों में शामिल होने का कोई महत्व है।
यह भी पढ़ेंः हाफिज सईद पर कसा शिकंजा, प्रतिबंधित संगठनों को चंदा देने पर होगी 10 साल की जेल