
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रमजान में व्हाइट हाउस में रोजा इफ्तार पार्टी देंगे। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 13 जून को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाएगा। व्हाइट हाउस की यह परंपरा रही है कि वह हर साल रोजा-इफ्तार पार्टी का अयोजन करता रहा है। हालांकि, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद पहले साल व्हाइट हाउस की तरह से यह पार्टी नहीं दी गई थी।
लिहाजा, ट्रंप प्रशासन द्वारा पहली बार व्हाइट हाउस में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि व्हाइट हाउस में आयोजन होने वाली इस रोजा इफ्तार पार्टी में किन मेहमानों को न्योता दिया, यह पता नहीं चल पाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, जॅार्ज बुश, बिल क्लिंटन भी व्हाइट हाउस में इफ्तार पार्टी का आयोजन कर चुके हैं।
बता दें कि ट्रंप की छवि हमेशा से मुस्लिम विरोधी रही है। ट्रंप ने अपने पिछले बयानों में मुस्लमानों को शरणार्थी, आतंकवादी जैसे शब्दों से संबोधित कर चुके हैं। यही नहीं ट्रंप प्रशासन ने तो इराक,ईरान और सीरिया जैसे देशों से आने वाले मुसलमानों के अमेरिका में आने पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। अपने कैंपेन के दौरान उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि इस्लाम हमसे नफरत करता है।
बीते सालों में वह कई बार पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की बेइज्जती करते रहे हैं कि वह एक मुस्लिम हो सकते हैं। साल 2015 में उन्होंने कहा कि वह मस्जिदों को बंद करने पर गंभीरता से विचार करेंगे। उस साल के अंत में उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका में मुसलमानों के पूरी तरह आने पर पाबंदी लगाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने यात्रा प्रतिबंधों की एक श्रृंखला जारी की थी, जिसमें ज्यादातर मुस्लिम देशों से आने वाले यात्री शामिल थे।