
एलेक्जेंड्रिया। अमेरिका में गोलीबारी की घटना में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद और प्रतिनिधिसभा में पार्टी के सचेतक स्टीव स्कैलिस बुरी तरह घायल हो गए हैं।
अधिकारियों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। हमले में सांसद के अलावा चार अन्य लोग घायल हुए हैं। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई में श्वेत हमलावर को मार गिराया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रभावितों के प्रति संवेदना जताते हुए घटना की निगरानी करने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी की घटना के समय रिपब्लिकन सांसद एलेक्जेंड्रिया (वर्जीनिया) में गुरुवार को होने वाले बेसबॉल मैच का अभ्यास कर रहे थे।
अमेरिका में हर साल रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों के बीच बेसबॉल मैच का आयोजन किया जाता है। स्थानीय समय के अनुसार बुधवार सुबह 6.30 बजे अचानक गोलियां चलने लगीं।
हमलावर राइफल से लगातार गोलियां बरसा रहा था। कैपिटल हिल में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान तकरीबन 40 से 50 राउंड गोलियां चलीं।
एलेक्जेंड्रिया के पुलिस प्रमुख माइकल ब्राउन ने कहा कि पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य सांसद रोजर विलियम्स भी घायल हो गए।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह गोलीबारी से घायल हुए या अन्य वजह से। रिपब्लिकन सांसद मो ब्रूक्स ने बताया कि स्कैलिस के अलावा दो सुरक्षाकर्मी और एक संसदीय कर्मचारी घायल हुआ है।
सीनेटर जेफ फ्लैक ने बताया कि गोलीबारी के समय तकरीबन 25 रिपब्लिकन सांसद अभ्यास कर रहे थे। उनके मुताबिक, हमलावर ने जींस और नीली कमीज पहन रखी थी।
ब्रूक्स ने कहा, 'सांसद स्कैलिस के शरीर से काफी खून निकल रहा था। हमलोगों ने कपड़ा बांध कर उसे रोकने की कोशिश की।'
स्कैलिस वर्ष 2008 में प्रतिनिधिसभा के लिए लुसियाना से निर्वाचित हुए हैं। घटना के बाद आसपास के स्कूलों में किसी के बाहर निकलने या अंदर जाने पर पाबंदी लगा दी गई थी।