
वॉशिंगटन। संयुक्त राज्य अमेरिका ने श्रीलंका में तैनात अमेरिकी राजनयिकों के परिवारों के सदस्यों को देश छोड़ने का आदेश दिया है। अमेरिका ने कहा है कि आतंकवादी समूह 'हमलों की साजिश' जारी रख सकते हैं। इसके साथ ही अमेरिका ने लेवल 3 की यात्रा चेतावनी जारी की है, जिसका अर्थ है कि श्रीलंका जाने वाले अमेरिकी अपनी यात्रा के बारे में फिर से विचार करें।
ईस्टर रविवार को 21 अप्रैल को हुए आतंकवादी बम विस्फोट के बाद जारी लेटेस्ट ट्रैवल एडवाइजरी में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी मिशन के गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वेच्छा से श्रीलंका छोड़ने की अनुमति दी है।
कोलंबो में अमेरिकी दूतावास के पास मालदीव का अतिरिक्त प्रभार है। अमेरिका से पहले यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों ने अपने नागरिकों को ईस्टर संडे बम धमाकों के बाद श्रीलंका की यात्रा करने की अपनी योजनाओं को रद्द करने की सलाह दी है। बताते चलें कि 21 अप्रैल को हुए बम धमाकों में 253 लोग मारे गए थे, जिनमें से चार अमेरिकी नागरिक शामिल थे।
हालांकि, अभी तत्काल यह पता नहीं चल सका है कि क्या किसी अन्य देश ने भी अपने अधिकारियों और उनके परिवारों को श्रीलंका छोड़ने का आदेश दिया है या नहीं। अमेरिका के विदेश विभाग ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में कहा है कि वह नर्सरी से 12वीं कक्षा तक स्कूल जाने वाले अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों के परिवारों को श्रीलंका छोड़ने का आदेश देता है।
विभाग ने गैर-आपातकालीन अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को स्वैच्छिक प्रस्थान की इजाजत दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि आतंकवादी समूह श्रीलंका में और संभावित हमलों की साजिश रच रहे हैं। आतंकवादी बहुत कम या बिना किसी चेतावनी के साथ हमला कर सकते हैं। इसमें पर्यटक स्थलों, परिवहन केंद्रों, बाजारों, शॉपिंग मॉल, सरकारी सुविधाओं, होटलों, क्लबों, रेस्तरां, पूजा स्थलों, पार्कों, प्रमुख खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षिक संस्थानों, हवाई अड्डों, अस्पतालों शामिल हैं, जिन्हें निशाना बनाया जा सकता है।