
डिजिटल डेस्क। अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े बहुचर्चित मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर कानूनी शिकंजा और कस गया है। अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने 55 वर्षीय गुप्ता के अपराध को गंभीर बताते हुए अदालत से उन्हें 24 वर्ष के कारावास की सजा सुनाने का आग्रह किया है। इस संवेदनशील प्रकरण में न्यूयॉर्क की अदालत आगामी 20 नवंबर को अपना अंतिम निर्णय सुनाएगी।
मैनहट्टन की संघीय अदालत में पेश किए गए 20 पृष्ठों के दस्तावेज में अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडॉनल्ड ने गुप्ता की भूमिका को अत्यंत गंभीर और निर्मम बताया है। सरकारी वकीलों का कहना है कि गुप्ता अमेरिका में रहने वाले एक नागरिक की हत्या की विदेशी योजना का मुख्य हिस्सा थे।
अभियोजन पक्ष ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि इस मामले में ऐसी मिसाल पेश की जाए, जिससे यह साफ संदेश जाए कि अमेरिकी सीमा के भीतर किसी की आवाज को हिंसा के जरिए दबाने के प्रयासों को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सरकारी पक्ष के मुताबिक, निखिल गुप्ता और भारत सरकार से जुड़े रहे विकास यादव समेत अन्य साथियों ने महज वैचारिक विरोध के कारण इस जानलेवा हमले की योजना तैयार की थी। इसके विपरीत, गुप्ता के अधिवक्ताओं ने अदालत से मानवीय आधार पर सजा कम रखने की अपील की है। बचाव पक्ष का सुझाव है कि गुप्ता को 12 वर्ष की कैद और रिहाई के बाद तीन साल की निगरानी में रखने की सजा दी जानी चाहिए।
मामले के विवरण के अनुसार, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और विदेश में बैठे अपने संपर्कों के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में पन्नू को रास्ते से हटाने का ताना-बाना बुना था। आरोप है कि विकास यादव के इशारे पर गुप्ता ने एक व्यक्ति से संपर्क साधकर हत्या के लिए एक लाख अमेरिकी डॉलर की सुपारी तय की, जो वास्तव में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गुप्त एजेंट निकला।
इस सौदे की पहली किस्त के रूप में जून 2023 में 15 हजार डॉलर नकद भी दिए गए थे। उल्लेखनीय है कि गुप्ता इसी साल की शुरुआत में हत्या की साजिश रचने और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) से जुड़े आरोपों को न्यायालय के समक्ष स्वीकार कर चुके हैं। अब सबकी नजरें 20 नवंबर को तय होने वाली सजा की अवधि पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंच से पूछा- इस्तीफा दे दूं?, भीड़ से आई आवाज- दे दो