
अंकारा। इराक और सीरिया में सक्रिय बर्बर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ जारी अभियान में अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी एयरफोर्स के छह फाइटर जेट और 300 सैनिक रविवार को तुर्की एयरबेस पर पहुंच गए।
यह जानकारी पेंटागन की ओर से एक बयान जारी कर दी गई। इराक और सीरिया में आईएस के ठिकानों पर हमले के लिए तुर्की ने अमेरिका को अपना एयरबेस इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी है। तुर्की के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि तुर्की के इंचरलिक एयरबेस पर एफ-16 जेट्स पहुंच गए हैं। आगामी कुछ दिनों में हमले शुरू किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : अमेरिका में 5 बच्चों सहित 8 की गोली मारकर हत्या
सीरिया और इराक में आईएस और अल नुसरा के आतंकी ठिकानों पर अमेरिका और तुर्की के जेट व ड्रोन कई महीनों से हमले कर रहे हैं। अमेरिका ने करीब एक साल पहले आईएस के ठिकानों पर हमला करना शुरू किया था। तब से फारस की खाड़ी से विमान को उड़ाया जा रहा था, जो कि आतंकी ठिकानों से हजारों मील दूर है।
यह भी पढ़ें : तूफान से टकराया विमान, बची 130 यात्रियों की जान
तुर्की का इंचरलिक एयर बेस, सीरिया से करीब 100 मील की दूरी पर स्थित है। यहां से आतंकी संगठन के खिलाफ अभियान करने में आसानी होगी। अमेरिका की ओर से कहा गया है कि 60 से अधिक देशों के संगठन का सदस्य देश तुर्की क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए आईएस से युद्घ करने को प्रतिबद्ध है।