Weird News: 28 मार्च को एक सीध में होंगे सौर मंडल के 5 ग्रह, आप भी धरती से इस समय देखें
Weird News आसमान में ये दुर्लभ घटना 28 मार्च की शाम को सूरज ढलते के साथ ही दूरबीन से देखी जा सकती है।
By Sandeep Chourey
Edited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Thu, 23 Mar 2023 01:06:55 PM (IST)
Updated Date: Thu, 23 Mar 2023 01:06:55 PM (IST)
.webp)
Weird News । यदि आप भी चांद, सितारों की दुनिया में खोए रहते हैं और खगोलीय घटनाओं में रुचि लेते हैं तो जल्द ही आसमान में आपको एक अद्भुत खगोलीय घटना देखने को मिल सकती है। 28 मार्च में आसमान में एक दुर्लभ चमत्कार होने वाला है, जो आमतौर पर बहुत कम दिखाई देता है। 28 मार्च को हमारे सौर मंडल के 5 ग्रह एक सीधी रेखा में दिखाई देंगे और इन पांच ग्रहों को हम धरती से सीधे देख सकेंगे। स्टारवॉक की रिपोर्ट के मुताबिक 28 मार्च को बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और यूरेनस 50 डिग्री के एक छोटे से क्षेत्र में मिलेंगे।
28 मार्च की शाम को देखें घटना
रिपोर्ट के मुताबिक आसमान में ये दुर्लभ घटना 28 मार्च की शाम को सूरज ढलते के साथ ही दूरबीन से देखी जा सकती है। खगोल वैज्ञानिकों के मुताबिक 5 ग्रहों में शुक्र सबसे चमकीला नजर आने की संभावना है। बुध और बृहस्पति को क्षितिज (horizon) के पास देखा जा सकता है। इस दौरान बहुत अधिक दूरी होने के कारण यूरेनस को देख पाने में मुश्किल हो सकती है। मंगल और चंद्रमा काफी पास नजर आएंगे।
शुक्र और बृहस्पति दिखेंगे ज्यादा चमकदार
एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के शोधकर्ता बेथ बिलर के मुताबिक शुक्र और बृहस्पति दोनों की चमक ज्यादा है, इसलिए इन दोनों ग्रहों को आसानी से खोजा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 5 ग्रह बिल्कुल सीधी रेखा में दिखाई नहीं देते। 28 मार्च को होने वाली खगोलीय घटना को वृहद ग्रह संरेखण के रूप में जाना जाता है। 5 से 6 ग्रह एक ही समय में सूर्य के एक तरफ के करीब होते हैं।
जून 2022 में दिखी थी ऐसी खगोलीय घटना
आखिरी बार ऐसी घटना जून 2022 में हुई थी। इसके बाद 11 अप्रैल को बुध, यूरेनस, शुक्र, मंगल साथ नजर आएंगे तो 24 अप्रैल को बुध, यूरेनस, शुक्र और मंगल एक सीध में दिखाई देंगे। 29 मई को यूरेनस, बुध, बृहस्पति और शनि दिखेंगे। इसके बाद 17 जून को बुध, यूरेनस, बृहस्पति, नेपच्यून और शनि एक सीध में दिखाई देंगे।