
गाजा। गाजा में युद्ध विराम को तात्कालिक तौर पर 24 घंटे के लिए बढ़ाया गया है। इसके तुरंत बाद इजरायल के साथ युद्ध विराम पर चर्चा के लिए आए प्रमुख फलस्तीनी प्रतिनिधि ने स्थायी हल न निकलने की स्थिति में हिंसा की चेतावनी दी है।
राष्ट्रपति महमूद अब्बास के फतह आंदोलन के प्रमुख नेता अज्जाम अल अहमद ने कहा कि गाजा की समस्या को सुलझाने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। अहमद ने कहा, "हमें उम्मीद है कि अगले 24 घंटे का हर मिनट सहमति की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रयोग किया जाएगा। अगर सहमति नहीं बनती है तो हिंसा जारी हो जाएगी।"
अहमद ने इजरायल पर चालाकी और टालने वाला रवैया अपनाने का अरोप लगाया है। उसने कहा कि इसी कारण प्रमुख मुद्दों पर कोई स्थायी हल नहीं निकल रहा है। इजरायली सरकार ने कहा कि हमारे प्रतिनिधि वार्ता के लिए काइरो में उपस्थित हैं और संभावित समझौते पर विचार कर रहे हैं। अब तक दोनों पक्ष किसी सहमति तक नहीं पहुंचे हैं।