
बिजनेस डेस्क। 8 नवंबर 2016 की शाम हर भारतीय को याद है, रातोंरात नोटबंदी की घोषणा ने लोगों के होश ही उड़ा दिए थे।
8 नवंबर 2016 की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक संबोधन करते हैं और यह कोई आम संबोधन नहीं था, इसने पूरे देश में खलबली मचा दी थी। उन्होंने कहा कि आधी रात से 500 और 1000 रुपये के मौजूदा नोट कानूनी रूप से अमान्य हो जाएंगे, जिसके बाद पूरे देश में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि जिनके पास 500 या 1000 रुपये के पुराने नोट हैं, वे 10 नवंबर 2016 से लेकर 30 दिसंबर 2016 तक इन नोटों को बैंक या पोस्ट ऑफिस में अपने अकाउंट में जमा करवा दें। इसके बाद बैंकों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगने लगीं।
कल 8 नवंबर को उसी नोटबंदी का एक दशक पूरा हो गया। ऐसे में आइए जानते हैं कि इन 10 सालों के दरमियान क्या कुछ बदला है?
उस वक्त चलन में रही कुल करेंसी का 86% रातोंरात नोटबंदी के ऐलान से बंद हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय 15.44 लाख करोड़ रुपये मूल्य के नोट चलन में थे, जिनमें से 500 और 1000 रुपये के लगभग 13.27 लाख करोड़ पुराने नोट रातोंरात अमान्य घोषित कर दिए गए थे।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, इन प्रतिबंधित नोटों का 99.3% हिस्सा बैंकों में वापस लौट आया था, जिससे यह साबित हुआ कि लगभग पूरा पैसा सिस्टम के दायरे में आ गया।
2016 से 2026 के इन दस सालों में इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने वाले लोगों की संख्या में दोगुना उछाल आया।
बैंकिंग सिस्टम में 99.3% नोट वापस आने की वजह से लोगों की अघोषित आय सिस्टम के दायरे में आ गई, जिससे सरकार का टैक्स कलेक्शन और रेवेन्यू बेस काफी मजबूत हुआ।
इन 10 सालों में म्यूचुअल फंड्स और शेयर बाजार निवेश में भी तेजी देखने को मिली। अब कैश जमा रखने के बजाय उसे म्यूचुअल फंड (SIP), शेयर बाजार और गोल्ड/सिल्वर ETF में निवेश करना ज्यादा पसंद करते हैं।
इन दस सालों में बाजार में कैश-इन-सर्कुलेशन में भी जबरदस्त उछाल आया क्योंकि समय के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ा है, जीडीपी ग्रोथ बढ़ी है और बाजार में करेंसी नोट्स की संख्या 2016 के मुकाबले काफी ज्यादा है।