_m.webp)
बिजनेस डेस्क। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। बढ़ी हुई सैलरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के बीच अब एरियर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नेशनल काउंसिल-JCM स्टाफ साइड के सचिव एसजी मिश्रा (SG Mishra) ने दावा किया है कि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 8वें वेतन आयोग का एरियर 1 जनवरी 2026 से ही मिलेगा।
एसजी मिश्रा के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में भले ही समय लगे, लेकिन आर्थिक लाभ की गणना 1 जनवरी 2026 से ही की जानी चाहिए। यदि सिफारिशें 2027 में लागू होती हैं, तो कर्मचारियों को जनवरी 2026 से नई और पुरानी सैलरी के अंतर के रूप में एकमुश्त बड़ी रकम एरियर के तौर पर मिल सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी इस तारीख पर अंतिम आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। सरकार का कहना है कि सिफारिशें स्वीकार होने के बाद ही लागू करने की तारीख तय होगी।
नवंबर 2025 में गठित 8वें वेतन आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, जिसके चलते मई 2027 तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। पिछले यानी 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें जुलाई 2016 में लागू हुई थीं, लेकिन उनका लाभ 1 जनवरी 2016 से दिया गया था, जिससे कर्मचारियों को 6 महीने का एरियर मिला था। इस बार देरी होने पर एरियर की अवधि दो साल से भी अधिक हो सकती है।
फिटमेंट फैक्टर
ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन के प्रमुख एसजी मिश्रा लगातार कर्मचारियों की मांगें आयोग के सामने रख रहे हैं। कर्मचारी पक्ष ने 3.833 के फिटमेंट फैक्टर की मांग की है, जिससे न्यूनतम वेतन बढ़कर 69,000 रुपये तक पहुंच सकता है। इसके अलावा वार्षिक वेतन वृद्धि को मौजूदा 3 प्रतिशत से बढ़ाकर दोगुना यानी 6 प्रतिशत करने की भी मांग की गई है।