
बिजनेस डेस्क। भारत में दूध और डेयरी प्रोडक्ट का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में Amul का नाम सबसे पहले आता है।
AMUL सिर्फ एक ब्रांड नहीं है, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता और सहकारिता की एक मिसाल है। AMUL का पूरा नाम 'आनंद मिल्क यूनियन लिमिटेड' है, जिसने भारत को 'दूध की कमी' वाले देश से 'दूध का सबसे बड़ा उत्पादक' देश बना दिया है और लाखों किसानों की जिंदगी बदल दी है। आइए जानते हैं AMUL की सफलता की कहानी।
AMUL की नींव साल 1946 में रखी गई थी, यानी आजादी से पहले, जब गुजरात के खेड़ा जिले के किसानों ने अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई। उस समय ब्रिटिश शासन और बड़े डेयरी व्यवसायियों के चंगुल में फंसे किसानों को दूध के लिए उचित दाम नहीं मिलते थे। इस स्थिति से तंग आकर सरदार वल्लभभाई पटेल और मोरारजी देसाई के नेतृत्व में किसानों ने एक सहकारी समिति बनाई, जिसका नाम रखा गया 'खेड़ा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड'। आगे चलकर इसका नाम AMUL कर दिया गया।
डॉ. वर्गीज कुरियन, जिन्हें 'भारत की श्वेत क्रांति के जनक' के रूप में जाना जाता है, ने इस आंदोलन को नई दिशा दी और उनके नेतृत्व में किसानों को उचित दाम दिलाने के साथ-साथ दूध के उत्पादन और वितरण में भी क्रांति आई।
1970 में शुरू हुए 'ऑपरेशन फ्लड' ने अमूल की सफलता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। बता दें कि यह दुनिया का सबसे बड़ा डेयरी विकास कार्यक्रम था, जिसका उद्देश्य भारत को दूध के मामले में आत्मनिर्भर बनाना था। इस कार्यक्रम के तहत AMUL ने गांव-गांव में डेयरी सहकारी समितियों का नेटवर्क बनाया, किसानों को प्रशिक्षण दिया और दूध की गुणवत्ता सुधारने के लिए तकनीकी सहायता भी दी।
इसका नतीजा यह हुआ कि जो भारत 1970 में दूध की कमी वाला देश था, वह 1998 तक दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक बन गया।
आज AMUL के पास 36 लाख से ज्यादा किसान सदस्य हैं, जो हर रोज करोड़ों लीटर दूध का उत्पादन करते हैं। खास बात यह है कि इसमें किसानों को दूध का उचित दाम मिलता है और वे उत्पादन से लेकर मार्केटिंग तक की पूरी प्रक्रिया में शामिल होते हैं। AMUL अब दूध के अलावा दही, मक्खन, पनीर, आइसक्रीम और चॉकलेट जैसी चीजें भी बेचता है।
AMUL के मशहूर नारे 'उत्तम दूध, उत्तम स्वास्थ्य' और 'द टेस्ट ऑफ इंडिया' ने इसे घर-घर में पहचान दिलाई। इसके मास्कट 'अमूल गर्ल' और विज्ञापनों ने भारतीय जनमानस पर गहरी छाप छोड़ी है।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (GCMMF) के मुताबिक, अमूल ब्रांड का टर्नओवर फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में 1 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। 2024-25 में अमूल ब्रांड का कुल अनडुप्लिकेटेड रेवेन्यू 90,000 करोड़ रुपये के बेस पर 11 प्रतिशत बढ़ा है।
यह भी पढ़ें- म्यूजिक के लिए छोड़ा ऑक्सफोर्ड, अब बॉलीवुड पर राज करने की तैयारी में अनन्या बिड़ला!