
बिजनेस डेस्क। देश की चर्चित युवा उद्यमी अनन्या बिड़ला का सफर पारंपरिक कॉर्पोरेट लीडर्स से बिल्कुल अलग है। आज वे अरबों के कारोबार और फिल्म प्रोडक्शन हाउस का नेतृत्व कर रही हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्होंने अपने संगीत के जुनून को पूरा करने के लिए दुनिया की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी।
अनन्या ने कड़ी मेहनत के बाद ऑक्सफोर्ड के इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट प्रोग्राम में दाखिला लिया था, लेकिन दूसरे साल में उन्हें मानसिक तनाव होने लगा। मार्च 2026 के एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उस दौर में उन्होंने गिटार उठाया और गाने लिखने शुरू किए। लंदन की एक सेकेंड हैंड कपड़ों की दुकान में लाइव परफॉर्मेंस देने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि संगीत ही उनकी असली खुशी है। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़कर 2016 में यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के साथ अपना पहला गाना साइन किया। हालांकि, मई 2024 में बिजनेस की जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने संगीत को अलविदा कह दिया।
अनन्या अपनी कारोबारी सफलता का श्रेय अपने पिता कुमार मंगलम बिड़ला को देती हैं, जिन्होंने हमेशा उन्हें सिखाया कि जेंडर नहीं बल्कि काबिलियत मायने रखती है। वहीं, कुमार मंगलम बिड़ला ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब अनन्या चार-पांच साल की थीं, तब स्कूल के एक फुटबॉल मैच में उनकी फुर्ती और गोल करने के जज्बे को देखकर ही उन्हें यकीन हो गया था कि उनमें एक बेहतरीन लीडर बनने के गुण हैं।
'कॉफी विद करण' में अनन्या ने अपनी निजी जिंदगी पर भी बेबाकी से बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें एक ही शख्स की ओर से बार-बार शादी का बड़ा प्रस्ताव मिला था, जिससे उनके माता-पिता भी परेशान हो गए थे। इसके अलावा उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे एक बार किसी डेट के लिए पूरा वेन्यू खाली करवा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- 10 कंपनियों की डायरेक्टर और 'बिड़ला स्टूडियोज' की मालकिन हैं Ananya Birla, जानिए उनकी दमदार कहानी