
बिजनेस डेस्क। देश के दिग्गज उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला इन दिनों कॉर्पोरेट जगत से लेकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री तक अपनी मजबूत पकड़ बना रही हैं। 32 साल की अनन्या बिड़ला परिवार की छह पीढ़ियों में फुल-टाइम कारोबार की दुनिया में कदम रखने वाली पहली महिला हैं। घनश्याम दास (जीडी) बिड़ला की विरासत को आगे बढ़ाते हुए वे आज आदित्य बिड़ला समूह की 10 कंपनियों में डायरेक्टर की भूमिका निभा रही हैं और अपनी माइक्रोफाइनेंस कंपनी 'स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड' की चेयरपर्सन भी हैं।
अनन्या ने 2016 में अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत की थी, लेकिन मई 2024 में उन्होंने संगीत से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया। उनका मानना था कि दो बड़े बिजनेस और संगीत को एक साथ संभालना मुश्किल हो रहा है, इसलिए वे पूरा ध्यान कारोबार पर लगाना चाहती हैं। हालांकि, एंटरटेनमेंट सेक्टर में कारोबारी संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने इसी साल फरवरी में 'बिड़ला स्टूडियोज' की शुरुआत की है। बतौर फाउंडर और चेयरपर्सन वे इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' और रणवीर सिंह की 'प्रलय' जैसी बड़ी फिल्में प्रोड्यूस कर रही हैं। उनकी योजना हिंदी के साथ-साथ गुजराती और मलयालम भाषाओं में भी नया सिनेमा बनाने की है।
करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन में अनन्या ने कॉर्पोरेट बोर्डरूम के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कारोबारी व्यवस्था आज भी काफी हद तक पितृसत्तात्मक है, जहां कई बार पुरुष सिर्फ इसलिए उनकी बात पर सहमति जताते हैं क्योंकि वे उन्हें किसी बड़े उद्योगपति की 'लाडली बेटी' समझते हैं। हालांकि, अनन्या का मानना है कि कारोबार में आंकड़े झूठ नहीं बोलते और अंत में आपकी काबिलियत व गवर्नेंस ही मायने रखती है।
यह भी पढ़ें- ईशा अंबानी की लीडरशिप में Reliance Brands का शानदार प्रदर्शन!3,390.89 करोड़ रुपये हुई कमाई