
बिजनेस डेस्क। सरकार ने कैंसर की दवाइयों में बड़ी कटौती की घोषणा की है, जो आज से लागू होगी। जिसके तहत 1,364 दवाइयों के दाम कम हो जाएंगे।
सरकार ने कैंसर की दवाओं पर कंपनियों और वितरकों की ओर से लिए जाने वाले मुनाफे को सीमित करने का फैसला किया है। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी ने 137 कैंसर रोधी दवाओं पर व्यापार मार्जिन की सीमा तय कर दी है।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के तहत आने वाली 1,364 दवाओं की नई MRP की जानकारी दी थी। जिनमें से 679 ब्रांड्स की कीमतों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती हुई है। दवा के दाम में सबसे ज्यादा 96.45 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
नई कीमतों के दायरे में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी दवाएं शामिल हैं, 20 से ज्यादा तरह के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली इम्यूनोथेरेपी दवाएं भी हैं। इसके अलावा पेम्ब्रोलिजुमैब (Pembrolizumab), डुरवालुमैब (Durvalumab), ओसिमर्टिनिब (Osimertinib), डेनोसुमैब और बेवासिजुमैब जैसी दवाएं भी हैं।
सरकार ने इससे पहले साल 2019 में भी ऐसा कदम उठाया था, उस समय 42 कैंसर दवाओं पर व्यापार मार्जिन 30 प्रतिशत तक सीमित किया गया था। इसके बाद 526 ब्रांड्स की कीमतों में 90% तक की कमी आई थी।
हालांकि, समय के साथ कई दवाओं पर कंपनियों और वितरकों का मुनाफा बढ़ने लगा और कुछ दवाओं पर यह बढ़ोतरी 700 प्रतिशत से भी ज्यादा पहुंच गई थी।
मरीज या उनका परिवार दवाओं के पैकेट पर छपी नई MRP देखकर कीमत की जांच कर सकते हैं। Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप और NPPA की वेबसाइट nppa.gov.in पर भी नई कीमतों की जानकारी मिल सकती है।
शिकायत ऐसे करें
अगर कोई केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी नई MRP से ज्यादा पैसे आपसे मांगती है, तो मरीज Pharma Jan Samadhan पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं। NPPA के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।