_m.webp)
बिजनेस डेस्क। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी है। ईपीएफओ बोर्ड की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई है, जिसके बाद अब खाताधारक जरूरत पड़ने पर अपने पीएफ खाते से 90 फीसदी तक रकम निकाल सकेंगे। पहले यह निकासी सीमा केवल 75 फीसदी थी, क्योंकि खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की अनिवार्यता को अब 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी इस्तेमाल करने की ज्यादा आजादी मिलेगी।
सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान: रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए बोर्ड ने 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' को मंजूरी दी है। इसके तहत पूरा पैसा एकमुश्त निकालने के बजाय आप हर महीने किस्तों में भी पैसा ले सकेंगे। खास बात यह है कि खाते में बचे हुए पैसे पर ब्याज भी मिलता रहेगा और सदस्य की मृत्यु होने पर यह रकम परिवार या नॉमिनी को मिलेगी।
नौकरी छूटने पर 2 महीने में सेटलमेंट: अब नौकरी छूटने पर पीएफ का पूरा पैसा निकालने के लिए 12 महीने का लंबा इंतजार नहीं करना होगा। बोर्ड ने 2 महीने के बाद फाइनल सेटलमेंट का पुराना नियम फिर से लागू कर दिया है, जबकि पेंशन निकालने के लिए 36 महीने इंतजार करना होगा।
वेतन सीमा बढ़कर 25 हजार रुपये: अनिवार्य पीएफ की वेतन सीमा को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है, जिससे करीब 1 करोड़ नए कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- PF खाते में नाम या जन्मतिथि गलत होने से रुक गया है पैसा? अब मिनटों में घर बैठे खुद करें सही