
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। दीपावली त्योहार के लिए बाजार लगभग सज चुके हैं। सराफा बाजार में भी त्योहारी चमक बिखरने लगी है। सोने-चांदी के बढ़े दामों में आ रही गिरावट के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही होने लगी है, लेकिन पिछले साल की तुलना में खरीदी का उत्साह अभी कम ही है।
कारोबारियों के अनुसार, महंगे भाव के कारण लोग अपने बजट के हिसाब से आभूषण खरीद रहे हैं। हल्के वजन की ज्वेलरी और सोने-चांदी के सिक्कों की मांग बढ़ी है। सोने-चांदी के दाम बढ़ने की आशंका से कुछ ग्राहक रविवार को पड़ने वाले पुष्य नक्षत्र और धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं। हालांकि ऐसे ग्राहकों की संख्या कम ही है। व्यापारियों को त्योहार में अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
सराफा व्यापारियों के अनुसार बाजार में खरीदारी की परंपरा के बीच सोने और चांदी के ऊंचे भाव ग्राहकों के खरीदारी के फैसले को प्रभावित कर रहे हैं। पहले जहां लोग तोले के हिसाब से सोना खरीदते थे, वहीं अब ग्राहक अपने बजट के अनुसार आभूषण पसंद कर रहे हैं।
पहले 10 तोला सोना खरीदने वाले ग्राहक अब यह देखते हैं कि 10 लाख रुपये में कितना सोना मिल सकता है। परंतु वर्तमान परिस्थितियों में भारी आभूषणों के बजाय हल्की ज्वेलरी को प्राथमिकता दी जा रही है। बाजार में 18, 20 और 22 कैरेट सोने के आभूषणों के विकल्प भी उपलब्ध हैं।
सराफा कारोबारी अनूप अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी में गत वर्ष की तुलना में करीब नौ से 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सराफा काराेबारियों के अनुसार सोने की कीमतों में जहां लगभग 9.92 प्रतिशत की बढ़ोतरी आंकी जा रही है वहीं चांदी के दाम में 11.18 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि वर्तमान में सोने-चांदी की कीमतों में कमी आई है जिससे बाजार में सोने-चांदी के अाभूषण और सिक्कों की मांग के साथ खरीददारी भी शुरू हो गई है।
दीपावली से पहले दो दिन महामुहूर्त, 128 वर्षों बाद रवि पुष्य पर धनयोगों की होगी बरसात
वर्तमान भाव
धातु - राशि - मात्रा
सोना - 1,45,100 (24 कैरेट) - 10 ग्राम
सोना - 133500 (22 कैरेट) - 10 ग्राम
चांदी - 185500 3500 टंच- प्रति एक किलो
धातु - राशि - मात्रा
सोना - 132000 (24 कैरेट) - 10 ग्राम
चांदी - 170000 फाइन - प्रति एक किलो
क्या कहते है व्यापारी:
वर्तमान में गत वर्ष की तरह तो ग्राहकों का रूझान नहीं है लेकिन त्योहार के चलते लोग आभूषणों के साथ सोने-चांदी के सिक्के खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। धनतेरस तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
आर्यन सोनी, व्यापारी
समय के साथ ग्राहकों की खरीदारी का तरीका बदला है। कीमतों में गिरावट आने पर बाजार में मांग बढ़ सकती है। ग्राहक आ रहे है कुछ बुकिंग भी करा रहे हैं। धनतेरस पर सराफा बाजार की रौनक बढ़ सकती है। लोग बजट के अनुरूप खरीददारी कर सकते हैं।
राजेश कुमार भोला, व्यापारी