
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑइल की ऊंची कीमतों के कारण महंगाई को लेकर दुनियाभर में चिंता बढ़ रही है। अमेरिका में सख्त मौद्रिक नीति की उम्मीदें मजबूत हो रही हैं। अमेरिकी डालर के मजबूत होने और बान्ड यील्ड में बढ़ोतरी से अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में दबाव बना हुआ है।
बड़े निवेशक खरीदारी से पीछे हटे हुए हैं जिससे विदेशी बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी गिरावट दर्ज की गई। कामेक्स पर सोना वायदा 4120 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 57.36 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई जिससे भारतीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का क्रम जारी रही।
इंदौर में सोना केडबरी 500 रुपये टूकर 147000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 1000 रुपये घटकर 210500 रुपये प्रति किलो रह गई। ज्वेलर्स कहना है कि बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आ रही गिरावट पुष्यनक्षत्र और धनतेरस पर अच्छी ग्राहकी की उम्मीद जगा रही है।
इधर, मध्य पूर्व और पूर्वी यूरोप में जारी तनाव, और होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान के नियंत्रण के दावों के कारण तेल की कीमतें ऊंची चल रही है। बाजार को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व अगले सप्ताह ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा, जबकि दिसंबर में दरों में बढ़ोतरी की संभावना लगभग 94 फीसदी मानी जा रही है।
फेड चेयर वॉर्श ने आगामी एफओएमसी बैठक के नतीजों के बारे में कोई संकेत नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उम्मीद से अधिक महंगाई के बावजूद उनके आर्थिक आकलन में कोई बदलाव नहीं आया है, हालांकि ट्रेडर्स ने अक्टूबर में दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें कम कर दी हैं। यूरोपीय सेंट्रल बैंक द्वारा इस साल कम से कम एक बार और 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 4120 डॉलर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4131 डॉलर और नीचे में वायदा 4106 डॉलर प्रति औंस चांदी वायदा 57.36 डॉलर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 58.07 डॉलर और नीचे में वायदा 57.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 147000, सोना आरटीजीएस में 143400, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 131450 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। मंगलवार को सोना 147500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 210500, चांदी आरटीजीएस 205900, चांदी टंच 211200 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2500 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। मंगलवार को चांदी चौरसा 211500 रुपये पर बंद हुई थी।
यह भी पढ़ें- MP, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में टूटे सोने-चांदी के दाम, जानिए अपने शहर का ताजा भाव