
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : वैश्विक स्तर पर जारी तनाव ने मूल्यवान धातु सोना-चांदी को शिखर से जमीन पर लाकर खड़ा कर दिया है। बाजार में स्थिति ये हो गई है अब सोना-चांदी एमसीएक्स (मशीन) से हाजर में सस्ते मिलने लगे हैं, लेकिन बाजार में खरीदार नहीं है।
बिल (आरटीजीएस) में जरूर सोना-चांदी मशीन से ऊपर बिक रहे हैं। सोना-चांदी के भाव में लगातार गिरावट ने सराफा में कामकाज ठंडा कर दिया है। इससे सोना-चांदी के भविष्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है। मंदी के दौर में चांदी 1.70 लाख और सोना 80 हजार रुपये तक आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे जरूरी खरीदी करने वाले भी भाव नीचे आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
2026 जनवरी में तूफानी तेजी के साथ चांदी ने चार लाख और सोना ने 1.82 लाख रुपये का सर्वोच्च शिखर छू लिया था, लेकिन इसके बाद से लगातार जारी गिरावट ने सोना-चांदी को जमीन पर ला दिया है। सोना-चांदी में आई भारी गिरावट से अन्य बाजार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
तेजी में ऊंचे भाव पर खरीदी करने वालों के लिए सोना-चांदी गले की हड्डी बन गए हैं, जो न तो निगलते बन रही है और न ही उगलते। ऊंचे भाव में खरीदी करने वाले निवेशकों का धैर्य भी धीरे-धीरे जवाब देता जा रहा है और जरूरी खरीदी करने वालों के लिए अवसर बनता जा रहा है। इसके बाद भी बाजार में न तो बेचवाल आ रहे हैं और न ही लेवाल। ऐसी स्थिति में सराफा बाजार में कामकाज को ठंड लग गई है।
व्यवसायी ऋषभ संघवी और प्रतीक जैन का कहना है कि सराफा में कामकाज के लिए स्थिरता जरूरी है। लंबे समय से वैश्विक स्तर पर जारी तनाव ने सराफा सहित अन्य सभी बाजार में अस्थिरता पैदा कर दी है। इससे खरीदी-बिक्री दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आगामी माह में तीज-त्योहार शुरू होने वाले हैं। इसके बाद भी सराफा में रौनक नहीं है। ज्यादातर ग्राहक सोना-चांदी का भाव और नीचे आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उधर, इंटरनेट मीडिया पर भी सोना-चांदी के भावों को लेकर तरह-तरह की भविष्यवाणी की जा रही है और विशेषज्ञों द्वारा आगामी दिनों में भयानक मंदी आने के वीडियाे बहुप्रसारित किए जा रहे हैं। इससे ऊंचे भावों में खरीदी करने वालों में डर का माहौल बना हुआ है।
व्यवसायी शुभम मूणत का कहना है कि मंगलवार को हाजर में चांदी 223800 रुपये प्रति किलो व सोना 141800 रुपये प्रति 10 ग्राम के मान से बेचे गए। उधर, एमसीएक्स पर चांदी 219200 से 223725 रुपये और सोना 142157 से 143094 रुपये पर कारोबार करते देखे गए।
सराफा बाजार : सप्लाई टाइट रहने से चांदी 3000 रुपये उछली, सोने में आया मामूली सुधार