नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के व्यापार शुल्क लागू होने व आर्थिक अनिश्चितता बढ़ने के कारण सोने के भाव में बढ़त जारी है। अमेरिका द्वारा सोने की छड़ों के आयात पर शुल्क लगाने के आसार जताए जा रहे हैं। इससे भौतिक सराफा बाजार बाधित हो सकता है और आपूर्ति कम हो सकती है। ऐसी चर्चा है कि अमेरिका ने स्विट्जरलैंड को आघात पहुंचाने के लिए सोने की छड़ों पर आयात शुल्क लगा दिया है।
अमेरिकी सीमा शुल्क सुरक्षा एजेंसी ने कहा है कि एक किलो और 100 औंस सोने की छड़ों को एक सीमा शुल्क संहिता के तहत वर्गीकृत किया जाना चाहिए जिससे उन पर शुल्क लग सकता है। यह फैसला पूर्व की उन उम्मीदों के बिल्कुल उलट है जिनमें कहा गया था कि सोने की छड़ों के आयात पर ट्रंप व्यापक शुल्क नहीं वसूलेंगे। कॉमेक्स में एक किलो की छड़ों में सबसे ज्यादा कारोबार होता है। इनमें से अधिकांश स्विट्जरलैंड से आती हैं।
शुक्रवार को कॉमेक्स पर सोना वायदा सात डॉलर बढ़कर 3384 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। इसके चलते इंदौर में भी सोने में तेजी जारी रही। सोना केडबरी 300 रुपये और बढ़कर 101000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इधर, कॉमेक्स पर चांदी में कुछ मुनाफावसूली की बिकवाली रहने से चांदी वायदा नौ सेंट घटकर 38.28 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते इंदौर में चांदी में आंशिक गिरावट रही।
चांदी चौरसा आंशिक टूटकर 116000 रुपये किलो रह गई। कॉमेक्स पर सोना वायदा बढ़कर 3384 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 3407, नीचे में 3381 डॉलर प्रति औंस और चांदी 38.28 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 38.47 डॉलर और नीचे में 37.96 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
सोना केडबरी रवा नकद में 101000 सोना (आरटीजीएस) 103700 सोना 22 कैरेट 94900 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। गुरुवार को सोना 100700 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 116000, चांदी आरटीजीएस 117000 चांदी टंच 116300 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 1320 रुपये प्रति नग बिका। गुरुवार को चांदी 116100 रुपये पर बंद हुई थी।
यह भी पढ़ें : RBI ने रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, उपभोक्ताओं को पिछली कटौती का मिलेगा फायदा
उज्जैन सराफा में सोना स्टैंडर्ड 100100, सोना रवा 100000, चांदी पाट 116300, चांदी टंच 116200, सिक्का 1200 रुपये।
रतलाम सराफा में चांदी चौरसा 116800, टंच 116900, सोना स्टैंडर्ड 104000 से 103950 रुपये। (आरटीजीएस भाव)।