
बिजनेस डेस्क। पैन कार्ड से जुड़ी एक छोटी-सी गलती आपको इनकम टैक्स दफ्तर के कई चक्कर लगवा सकती है। हाल ही में एक मामला गुजरात से सामने आया है, जहां एक पटाखा कारोबारी के नाम पर दो पैन कार्ड थे। हालांकि इसमें गलती उनकी नहीं थी, बल्कि क्लर्क की कथित गलती से उनके नाम पर दो पैन कार्ड जारी हो गए थे। आयकर विभाग ने उनके एक पैन कार्ड के आधार पर 7.60 लाख रुपये की रकम को छिपी हुई आय मान लिया। हालांकि, आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (ITAT) की अहमदाबाद बेंच ने कारोबारी को अपना पक्ष रखने का एक और मौका दिया है।
ट्रिब्यूनल ने अपील से जुड़े पुराने आदेश को रद्द करते हुए मामला दोबारा असेसिंग ऑफिसर के पास भेज दिया है, जिसके बाद अब अधिकारी को नए सिरे से जांच करनी होगी। कारोबारी ने अपनी आय पहले ही दूसरे पैन कार्ड के तहत दाखिल रिटर्न में दिखाई थी।
दरअसल वीजी अग्रवाल नाम के पटाखा कारोबारी ने असेसमेंट ईयर 2020-21 में एक पैन कार्ड से इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल किया था। इसमें पटाखों के कारोबार से हुई पूरी कमाई की जानकारी दी गई थी और इसके साथ ऑडिट रिपोर्ट भी जमा की गई थी।
लेकिन आयकर विभाग ने दूसरे पैन कार्ड नंबर के आधार पर दोबारा जांच शुरू कर दी। इसके बाद असेसिंग ऑफिसर ने 24 मार्च 2025 को कार्रवाई पूरी करते हुए 7.60 लाख रुपये को उनकी आय में जोड़ दिया। इस पर कारोबारी का कहना है कि इस कमाई को पहले ही दूसरे पैन के तहत टैक्स रिटर्न में दाखिल किया जा चुका है, ऐसे में एक ही रकम पर दोबारा टैक्स लगाना बिल्कुल गलत है।
अग्रवाल ने अपने दावे के समर्थन में बैंक स्टेटमेंट, कारोबार से जुड़े लोगों के खाते की पुष्टि और दूसरे डॉक्यूमेंट्स जमा किए, साथ ही दो पैन कार्ड जारी होने की गलती को लेकर हलफनामा भी दिया। लेकिन पहली अपील के दौरान वह अपना पक्ष और जरूरी सबूत सही तरीके से पेश नहीं कर सके, जिस वजह से अपील अथॉरिटी ने आयकर विभाग के फैसले को बरकरार रखा।
इसके बाद कारोबारी ने ITAT अहमदाबाद का रुख किया और ट्रिब्यूनल ने अपील अथॉरिटी का आदेश रद्द करते हुए इस मामले को नए सिरे से जांच के लिए असेसिंग ऑफिसर के पास भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- Success Story: छठ के महाप्रसाद 'ठेकुआ' ने बदल दी किस्मत! मां-बेटे ने खड़ा किया 15 करोड़ का बिजनेस