
बिजनेस डेस्क। भारत के दानवीरों की जब भी बात की जाए, शिव नादर का नाम जरूर आता है। यह शख्स दान देने में हर किसी को पीछे छोड़ जाता है। आपने दुनिया में एक से एक अमीर देखे होंगे, लेकिन आपने ऐसा परोपकारी शायद ही कहीं देखा हो। यह शख्स करोड़ों रुपये आसानी से दान कर देता है।
HCL के फाउंडर शिव नादर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,593 करोड़ रुपये का दान दिया है। दान देने के मामले में वह लगातार पांचवें साल भारत के सबसे बड़े परोपकारी परिवार बन गए हैं।
एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 के मुताबिक, शिव नादर परिवार ने हर दिन औसतन करीब 7.1 करोड़ रुपये दान किए। जबकि गौतम अदाणी और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 877 करोड़ रुपये का दान दिया। पिछले साल के मुकाबले उनके योगदान में 127 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बजाज परिवार 632 करोड़ रुपये के दान के साथ तीसरे स्थान पर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने 620 करोड़ रुपये दान करके चौथा स्थान हासिल किया।
पांचवें स्थान पर नंदन नीलेकणि रहे, जिन्होंने 380 करोड़ रुपये दान किए। कुमार मंगलम बिड़ला और उनके परिवार ने 366 करोड़ रुपये दान दिए। जबकि साइरस और अदार पूनावाला ने 336 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 11,554 करोड़ रुपये के दान में से 4,188 करोड़ रुपये शिक्षा के लिए दिए गए थे, यह कुल दान का करीब 36 फीसदी है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कुल 1,768 करोड़ रुपये का योगदान किया गया, जो पिछले साल के मुकाबले 82 फीसदी ज्यादा है। कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए 1,377 करोड़ रुपये तथा पर्यावरण और सतत विकास के लिए 813 करोड़ रुपये दान किए गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल सूची में कुल 219 दानदाता शामिल हुए हैं। पिछले साल यह संख्या 192 थी। महिला दानदाताओं की संख्या भी 24 से बढ़कर 29 हो गई है। रोहिणी नीलेकणि 215 करोड़ रुपये के योगदान के साथ देश की सबसे बड़ी महिला दानदाता बनीं। इसके बाद बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने 93 करोड़ रुपये और अनु आगा तथा उनके परिवार ने 78 करोड़ रुपये का दान दिया।
यह भी पढ़ें- नीता अंबानी को पीछे छोड़ ये महिला बनी देश की सबसे अमीर शख्सियत, जानें कितनी है नेटवर्थ और कैसे दे रही टक्कर