
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अमेरिका के ताजा रूख और भारतीय शेयर मार्केट में आ रही गिरावट से अब सोने-चांदी को फिर सहारा मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भू-राजनीतिक तनाव ने सोने को सहारा दे रहा है। हुती अरब देशों में हमले कर रहे हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही दो महीने से अधिक समय में अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में निवेशकों की लेवाली फिर आने से कीमतों में तेजी रही। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार शाम तक कामेक्स पर सोना वायदा 62 डॉलर उछलकर 4185 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 148 सेंट बढ़कर 60.38 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इसके चलते भारतीय बाजारों में सोना केडबरी 1300 रुपये बढ़कर एक बार फिर 150000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी चौरसा 2500 रुपये बढ़कर 225000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। बाजार में ग्राहकी कुछ कमजोर देखने को मिली है। लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन के सालाना सम्मेलन में प्रतिनिधियों ने अनुमान लगाया कि अगले 12 महीनों में सोने की कीमत 5,013 डालर प्रति औंस तक पहुंच जाएगी।
पर्थ मिंट की सोने के सिक्कों और मिंटेड बार की बिक्री सितंबर में महीने-दर-महीने 97.6 फीसद बढ़कर 47,300 औंस हो गई, जो सात महीने का उच्चतम स्तर है और साल-दर-साल 29.3 प्रतिशत की वृद्धि है।
कामेक्स वायदा पर सोना 4185 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4207 डॉलर और नीचे में वायदा 4128 डॉलर प्रति औंस चांदी वायदा 60.38 डॉलर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 60.60 डॉलर और नीचे में वायदा 58.81 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव - सोना केडबरी रवा नकद में 150000, सोना आरटीजीएस में 148950 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 136500 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गुरुवार को सोना 148700 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 225000, चांदी आरटीजीएस 219400, चांदी टंच 225700 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2420 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी चौरसा 222500 रुपये पर बंद हुई थी।