
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : हिंदू पंचांग में विशेष स्थान प्राप्त रवि पुष्य योग, बहुमूल्य वस्तुएं यानी सोना चांदी आभूषण और रत्न खरीदने का बेहद शुभ दिवस माना जाता है। रवि पुष्य नक्षत्र को हमेशा व्यवसाय के लिए अत्यंत लाभकारी माना गया है। इस वर्ष बाजार में पुष्य नक्षत्र अच्छी ग्राहकी की उम्मीद लेकर आया है। शनिवार को दोनों कीमती धातुओं के भाव नरम पड़े। रविवार को घटे भाव पर ही बाजार में बिक्री होगी।
अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को देर रात निवेशकों और सटोरियों की पैनिक बिकवाली के चलते सोने-चांदी वायदा घटकर बंद हुए। सोना वायदा 114 डॉलर घटकर 3875 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 163 सेंट घटकर 4909 डालर प्रति औंस बंद हुई।
इससे शनिवार को भारतीय सराफा बाजार घटकर खुले। इंदौर में सोना केडबरी 2200 रुपये टूटकर 140600 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 4400 रुपये घटकर 182800 रुपये प्रति किलो रह गई। बुलियन कारोबारी निलेश सारडा के अनुसार बीते दीवाली से इस वर्ष के पुष्य नक्षत्र पर सोने में करीब 14 हजार की बढ़ोतरी हुई है जबकि चांदी की बात करें तो पिछले वर्ष के समान ही भाव इस साल भी बने हुए हैं।
इस साल की शुरुआत में सोना 185000 और चांदी लगभग चार लाख रुपये के भाव पर पहुंच गई थी। हालांकि बीते कुछ दिनों से अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के बढ़ने से , कच्चे तेल में उछाल से और बढ़ती महंगाई के आंकड़ों से, बहुमूल्य धातुओं में गिरावट दर्ज की गई है।यह निवेशकों के लिए ग्राहकों के लिए बहुत ही सुनहरा मौका है ,कि वह इस पुष्य नक्षत्र पर जमकर सोने चांदी में खरीदी कर लाभ प्राप्त करें।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 140600, सोना आरटीजीएस में 137100, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 125700 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शुक्रवार को सोना 142800 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 182800, चांदी आरटीजीएस 177500, चांदी टंच 183300 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2400 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी चौरसा 187200 रुपये पर बंद हुई थी।
यह भी पढ़ें- Ratlam Sarafa: रतलाम में चांदी आधी कीमत पर! सोना भी हुआ सस्ता, देखें ताजा भाव