
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बुलियन मार्केट में मुनाफा वसूली की बिकवाली, मजबूत डॉलर और अमेरिकी ब्याज दरों की चिंता के चलते इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी खासी गिरावट देखने को मिली है।
शुक्रवार को देर रात कामेक्स पर सोना वायदा और टूटकर 24 डॉलर टूटकर 4000 डॉलर के नीचे 3997 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। इससे भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में चल रही गिरावट शनिवार को भी जारी रही। इंदौर में सोना केडबरी 1000 रुपये और टूटकर 143500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया।
वहीं कामेक्स चांदी वायदा में सटोरियों की नीचे दामों पर सक्रियता से वायदा 7 सेंट सुधरकर 53.92 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। इधर, शनिवार को इंदौर मार्केट में चांदी में नीचे दामों पर लेवाली आने से कीमतों में सुधार रहा। इंदौर में चांदी चौरसा 300 रुपये सुधरकर 199200 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
हालांकि चांदी में फिलहाल बड़ी तेजी की उम्मीद कम नजर आ रही है क्योंकि चांदी का आयात भारतीय बाजारों में बढ़ता है तो बाजार कुछ और घट सकता है। वहीं एक ज्वेलर्स का कहना है कि आगे पुष्यनक्षत्र और धनतेरस की ग्राहकी को ध्यान में रखते हुए बाजार स्थिर हो सकते है।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 143500, सोना आरटीजीएस में 140700, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 128950 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शुक्रवार को सोना 144500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 199200, चांदी आरटीजीएस 194700, चांदी टंच 199800 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2450 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी चौरसा 198900 रुपये पर बंद हुई थी।