
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई की चिंताएं फिर से बढ़ गई है। फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें और बढ़ाने की उम्मीदें मजबूत हुईं। अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में बिकवाली का दबाव देखा गया। इसके चलते कामेक्स पर सोना वायदा घटाकर 4148 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 52 सेंट घटकर 61.36 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
हालांकि इसका प्रभाव इंदौर में सोने पर नहीं देखा गया। दरअसल, सोमवार को गिरी कीमतों के बाद बाजार में कुछ लेवाली आने से मंगलवार को सोने की कीमतों में मामूली सुधार रहा। सोना केडबरी 400 रुपये बढ़कर 148700 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।
वहीं विदेशों में चांदी में आई जोरदार गिरावट के बाद इंदौर में भी लेवाली समर्थन कमजोर मिलने के कारण कीमतों में नरमी जारी रही। इंदौर में चांदी चौरसा 1200 रुपये घटकर 225800 रुपये प्रति किलो रह गई। घटे दामों पर भी चांदी में कारोबार सुस्त देखा गया।
ज्वेलर्स का कहना है कि फेड ने हाल ही में अपनी पॉलिसी रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 3.75–4 प्रतिशत कर दिया है। जबकि बाजार अक्टूबर में एक और बढ़ोतरी की 68 प्रतिशत संभावना मानकर चल रहे हैं। क्लीवलैंड फेड की प्रेसिडेंट बेथ हैमैक ने चिंता जताई कि लगातार बनी हुई महंगाई जड़ जमा सकती है, जिससे मानिटरी पालिसी सख्त रखना जरुरी होगा।
निवेशक फेड की ब्याज दर की चाल के बारे में और संकेतों के लिए यूएस जॉब ओपनिंग, एडीपी एम्प्लॉयमेंट, पीसीई महंगाई और नॉन-फार्म पेरोल का विश्लेषण कर रहे हैं। कामेक्स वायदा पर सोना 4148 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4150 डालर और नीचे में वायदा 4113 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 60.84 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 61.02 डालर और नीचे में वायदा 60.29 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव - सोना केडबरी रवा नकद में 148700, सोना आरटीजीएस में 146800 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 134650 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। सोमवार को सोना 148300 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 225800, चांदी आरटीजीएस 219400, चांदी टंच 226500 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2430 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। सोमवार को चांदी चौरसा 227000 रुपये पर बंद हुई थी
यह भी पढ़ें- एमपी छत्तीसगढ़ में सोना चांदी हुआ सस्ता? जानिए आज के ताजा रेट