
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पुष्यनक्षत्र और धनतेरस की जोरदार ग्राहकी के बाद शनिवार को सराफा बाजार में कारोबार कुछ सुस्त देखा गया जिससे सोने की कीमतों में मामूली गिरावट देखने को मिली।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में निवेशकों की लेवाली सुस्त रहने से शुक्रवार को देर रात सोना और चांदी वायदा काफी उछलने के बाद मामूली घटकर बंद हुआ। कामेक्स पर सोना घटकर 4070 डालर प्रति औंस और चांदी चौरसा 51.94 डालर प्रति औंस पर बंद हुई। इससे शनिवार को भारतीय बाजारों में सोने के दाम कुछ घटकर खुले।
इंदौर में ग्राहकी एकाएक सुस्त होने और विदेशों में कमजोरी के कारण इंदौर में सोना केडबरी 300 रुपये घटकर 144900 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं चांदी चौरसा 188200 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रही। ज्वेलर्स का मानना है कि दीपावली बाद आगे वैवाहिक सीजन की मांग सोने-चांदी में अच्छी निकलने की उम्मीद है क्योंकि पिछले एक महीने में सोने-चांदी के दामों में आई गिरावट इसका सबसे बड़ा कारण है।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 144900, सोना आरटीजीएस में 141150, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 129400 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शुक्रवार को सोना 145200 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 188200, चांदी आरटीजीएस 182700, चांदी टंच 188200 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2400 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी चौरसा 188200 रुपये पर बंद हुई थी।