
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं में कमी से अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सोने और चांदी वायदा में तेजी रही। कामेक्स पर सोना वायदा 4 डालर सुधरकर 6167 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 62 सेंट सुधरकर 57.55 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इधर, भारतीय बाजारों में भी सोने में त्योहारी मांग जोरदार रहने से कीमतों में सुधार रहा। इंदौर में सोना केडबरी 200 रुपये सुधरकर 148200 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इधर, चांदी में कारोबार सुस्त रहने से कीमतों में गिरावट रही। चांदी चौरसा 300 रुपये घटकर 213300 रुपये प्रति किलो रह गया।
ज्वेलर्स का कहना है कि पिछले कारोबारी दिवस फेड चेयर केविन वार्श की बैंकाक में की गई टिप्पणियों के बाद अक्टूबर में ब्याज दर बढ़ाए जाने की संभावना 20 प्रतिशत से नीचे आ गई। इससे बाजार को राहत मिली और कीमती धातुओं को समर्थन मिला।
महंगाई के मजबूत आंकड़े, खासकर पिछले साढ़े चार वर्षों में उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) में सबसे तेज मासिक बढ़ोतरी, दिसंबर में ब्याज दर बढ़ाने की संभावना को अभी भी जीवित रखे हुए हैं। ऐसे में 27-28 अक्टूबर को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक बाजार के लिए अगला बड़ा संकेतक होगी।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 4167 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4190 डालर और नीचे में वायदा 4155 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 57.55 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 57.85 डालर और नीचे में वायदा 56.32 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 148200, सोना आरटीजीएस में 154700, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 133600 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शनिवार को सोना 148000 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 213300, चांदी आरटीजीएस 206800, चांदी टंच 214000 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2500 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शनिवार को चांदी चौरसा 213600 रुपये पर बंद हुई थी।
यह भी पढ़ें- Gold & Silver Rate Today: सोना-चांदी खरीदने का है प्लान? बाजार जाने से पहले चेक कर लें अपने शहर की ताजा रेट लिस्ट