
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को शाम तक सोने और चांदी में मुनाफा वसूली की बिकवाली का दबाव बढ़ने और निवेशकों की लेवाली बेहद सुस्त रहने से मंदी जारी रही।
कॉमेक्स पर सोना वायदा 68 डॉलर टूटकर 4021 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 221 सेंट घटकर 53.85 डॉलर प्रति औंस रह गया। इसके चलते भारतीय बाजारों में भी दोनों धातुओं के दाम में गिरावट जारी रही। हालांकि सोने की तुलना में चांदी के दाम ज्यादा टूट रहे हैं।
इसका कारण प्राफिट बुकिंग, सट्टा पोजीशन का कमजोर होना और फिजिकल मार्केट की बदलती स्थितियां हैं। मई में चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगाने और जून में नियमों को सख्त करने के बाद, भारत ने त्योहारी सीजन की मांग को पूरा करने के लिए अगले छह महीनों में लगभग 6500 मीट्रिक टन चांदी आयात करने की अनुमति दी हैं।
हालांकि, भारत में चांदी का प्रीमियम पिछले हफ्ते के 2.50 डालर प्रति औंस से घटकर 0.45 डालर प्रति औंस रह गया हैं, जो दर्शाता हैं कि फिजिकल मार्केट में तत्काल तंगी कुछ कम हुई हैं। इसके चलते शुक्रवार को इंदौर मार्केट में चांदी चौरसा नगद में दो लाख के नीचे पहुंच गया।
चांदी चौरसा 6300 रुपये टूटकर 198900 रुपये और चांदी आरटीजीएस में 193000 रुपए प्रति किलो रह गई। इधर, सोना केडबरी 1900 रुपये घटकर 144500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। घटे दामों पर ज्वेलर्स आगे अच्छी ग्राहकी को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
ज्वेलर्स का कहना हैं कि सऊदी अरामको के शायबाह फील्ड पर ड्रोन हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, ईरान से जुड़े नए भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा-जनित महंगाई की लगातार चिंताएं मौद्रिक नीति की उम्मीदों को प्रभावित करती रहीं।
हालांकि ऐसी व्यापक उम्मीद हैं कि फेडरल रिजर्व अपनी अक्टूबर की बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखेगा, लेकिन बाजार को दिसंबर में दरों में बढ़ोतरी की संभावना हैं। 13 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में, कामेक्स पर चांदी में सट्टा ’नेट लॉन्ग’ पोजीशन 1,874 कान्ट्रैक्ट्स घटकर 5,735 रह गई, जो बाजार में तेजी के रुख में कमी को दर्शाती हैं।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 4021 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4032 डालर और नीचे में वायदा 3986 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 53.85 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 54.73 डालर और नीचे में वायदा 53.44 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 144500, सोना आरटीजीएस में 141150, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 129400 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गुरुवार को सोना 146400 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 198900, चांदी आरटीजीएस 193000, चांदी टंच 199500 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2470 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी चौरसा 205200 रुपये पर बंद हुई थी।