
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : खनिज तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई की चिंताओं को फिर से हवा दे दी है। निवेशक ब्याज दरों को लेकर अगले हफ्ते होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक का इंतजार कर रहे हैं। ऊर्जा की ऊंची कीमतों के कारण अमेरिका में उपभोक्ता और उत्पादक महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा मजबूत रहे। यानी चिंता आगे भी बनी रहेगी।
ऐसे में बुलियन मार्केट में निवेशकों का रुझान घटने के कारण सोने-चांदी की कीमतों में एकतरफा मंदी की स्थिति बनी हुई है। कामेक्स पर सोना वायदा 31 डालर घटकर 4089 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 130 सेंट घटकर 56.06 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते इंदौर में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट रही।
गुरुवार को इंदौर में सोना केडबरी 600 रुपये घटकर 146400 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 5300 रुपये घटकर 205200 रुपये प्रति किलो रह गई। वहीं आरटीजीएस में चांदी 6600 रुपये टूटकर दो लाख के नीचे 199300 रुपये प्रति किलो रह गई।
घटे दामों पर भी बाजार में फिलहाल ग्राहकी कमजोर है लेकिन ज्वेलर्स को उम्मीद है कि पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहेगा। मध्य पूर्व और पूर्वी यूरोप में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ाआफ होर्मुज) में टैंकरों पर हमलों के कारण सप्लाई में रुकावट का खतरा भी बढ़ गया है।
माना जा रहा है कि फेडरल रिजर्व अगले हफ्ते ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा, हालांकि बाजार को दिसंबर में दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद है। फेड चेयर वार्श ने नीतिगत फैसले के बारे में कोई संकेत नहीं दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि हाल के महंगाई के रुझानों से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर उनके नजरिए में कोई बदलाव नहीं आया है।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 4089 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4142 डालर और नीचे में वायदा 4067 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 56.06 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 57.93 डालर और नीचे में वायदा 55.77 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 146400, सोना आरटीजीएस में 142500, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 130600 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। बुधवार को सोना 147000 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 205200, चांदी आरटीजीएस 199300, चांदी टंच 206000 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2480 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। बुधवार को चांदी चौरसा 210500 रुपये पर बंद हुई थी।