
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदों के चलते अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में बुधवार देर रात सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई थी। गुरुवार को नीचे दामों पर सटोरियों की सक्रियता के चलते विदेशों में कीमतें फिर कुछ मजबूत देखी गई।
कामेक्स पर सोना वायदा गुरुवार शाम तक सुधरकर 4154 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा भी 56.69 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई जिसका असर इंदौर मार्केट में भी देखा गया। इंदौर में बुधवार रात के कारोबार में चांदी घटकर 212500 रुपये प्रति किलो रह गई थी लेकिन गुरुवार को ये सुधरकर 214000 रुपये प्रति किलो बोली गई।
इधर, सोने में उठाव कमजोर रहने से कीमतों में गिरावट जारी रही। गुरुवार को सोना केडबरी आंशिक टूटकर 147800 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। दरअसल, केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार की जा रही खरीदारी ने सोने को कुछ सहारा दिया। चीन के केंद्रीय बैंक ने सितंबर में लगातार 23वें महीने सोने की खरीदारी जारी रखी।
बाजार मान रहा है अमेरिका के महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा आना है, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा अपनी मौद्रिक नीति को और सख्त करने की संभावना बढ़ गई है। सितंबर में अमेरिका की सीपीआइ महंगाई दर सालाना आधार पर 3.6 फीसद के अनुमान के मुकाबले 3.7 फीसद रही, जबकि मासिक आधार पर इसमें 0.6 फीसद की बढ़ोतरी हुई, जो पिछले पांच महीनों में सबसे बड़ी वृद्धि है।
कोर महंगाई दर सालाना आधार पर 2.6 फीसद और मासिक आधार पर 0.3 फीसद रही, जो उम्मीद से अधिक है। इससे फेडरल रिजर्व पर अपनी सख्त नीति बनाए रखने का दबाव बढ़ गया है। बाजार में अब ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना अधिक दिख रही है। वहीं, सेंट लुइस फेड के अध्यक्ष अल्बर्टो मुसालेम ने संकेत दिया है कि महंगाई को वापस 2 फीसदी के लक्ष्य तक लाने के लिए नीति को और सख्त करना जरूरी हो सकता है।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 4154 डॉलर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4161 डॉलर और नीचे में वायदा 4099 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 56.69 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 56.87 डालर और नीचे में वायदा 54.87 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 147800, सोना आरटीजीएस में 145550, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 133400 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। बुधवार को सोना 147850 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 214000, चांदी आरटीजीएस 206500, चांदी टंच 214700 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2300 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। बुधवार को चांदी चौरसा 212500 रुपये पर बंद हुई थी।