
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में कई ट्रेनें कैंसिल हो रही हैं और ऐसे भी कई बार खराब मौसम, तकनीकी खराबी या पटरियों की मरम्मत के कारण रेलवे को अचानक ट्रेनें रद्द करनी पड़ती हैं। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा उनका यह भी सवाल होता है कि ट्रेन के टिकट में जो पैसे लगे थे, वे वापस कैसे मिलेंगे?
अगर आपने आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप से ऑनलाइन ई-टिकट बुक किया है और ट्रेन रेलवे द्वारा कैंसिल की जाती है, तो रेलवे आपको पूरा रिफंड उसी बैंक खाते में भेज देता है जिससे आपने भुगतान किया था।
अगर आपने स्टेशन के काउंटर से जाकर टिकट खरीदा था और ट्रेन कैंसिल हो गई है, तो आपको रिफंड के लिए स्टेशन काउंटर पर फिर से जाना होगा। ट्रेन के निर्धारित समय से 3 दिन के अंदर काउंटर पर टिकट जमा करके आप अपना पूरा पैसा वापस पा सकते हैं।
अगर ट्रेन कैंसिल नहीं हुई है, लेकिन 3 घंटे से ज्यादा लेट है या उसका रास्ता बदल दिया गया है और आप यात्रा नहीं करना चाहते, तो आपको टीडीआर (TDR) फाइल करना होगा। चार्ट बनने के बाद आईआरसीटीसी ऐप या साइट पर टीडीआर भरकर आपको रिफंड मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें- फेस्टिवल सीजन में TVS का बड़ा धमाका! नए अवतार में लॉन्च हुई TVS Radeon 2026, ₹67,100 से शुरू है कीमत
अगर ट्रेन कैंसिल होती है, तो इस स्थिति में कंफर्म टिकट के साथ-साथ आरएसी और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को भी पूरा रिफंड मिलता है। जहां ऑनलाइन वेटिंग टिकट अपने आप कैंसिल होकर पैसा खाते में आ जाता है, वहीं काउंटर वेटिंग टिकट को स्टेशन जाकर रिफंड कराना पड़ता है।