
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप ऑफिस आने-जाने या रोजमर्रा के कामों के लिए एक अच्छी और बजट वाली बाइक ढूंढ रहे हैं, तो आपको बता दें कि फेस्टिवल सीजन से पहले TVS Motor ने अपनी बाइक TVS Radeon का नया 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है।
इस नई बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 67,100 रुपये से शुरू होती है। इसे तीन वेरियंट्स में पेश किया गया है।
नई TVS Radeon में सबसे बड़ा बदलाव इसकी लाइटों में किया गया है। इसमें आगे की तरफ नई LED हेडलाइट और DRL दिए गए हैं। DRL का डिजाइन सांप के दांतों जैसा है, जो बाइक को एक स्पोर्टी लुक देता है। पीछे की टेललाइट और आगे-पीछे के इंडिकेटर्स को भी LED में बदल दिया गया है। इसमें सिंगल-पीस सीट, क्रैश गार्ड और पीछे सामान बांधने वाला कैरियर (लगेज रैक) पहले जैसा ही रखा गया है।
इंजन में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। इसमें पहले वाला ही 109.7cc का भरोसेमंद इंजन लगा है, जो 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी GTT (ग्लाइड थ्रू टेक्नोलॉजी) है। इसका फायदा शहर के जाम में मिलता है, आपको बार-बार एक्सेलरेटर नहीं देना पड़ता और बाइक बिना झटके के धीरे-धीरे आगे बढ़ती रहती है। इसमें ऐसा सेल्फ-स्टार्ट दिया गया है जो किसी भी गियर में काम करता है, जिससे ट्रैफिक में बाइक बंद होने पर तुरंत स्टार्ट करने में आसानी होती है।