
बिजनेस डेस्क। शहनाई की गूंज के साथ ही मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के बाजारों में भी कारोबार की रौनक लौट आई है। देवउठनी एकादशी से शुरू हुआ यह विवाह सीजन सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, मिठाई, होटल, मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबारियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। व्यापारिक आकलन के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक महज 25 दिनों में जबलपुर में करीब 1,200 शादियां होने जा रही हैं, जिससे शहर की अर्थव्यवस्था में लगभग 240 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी के स्थानीय व्यापारिक आकलन के अनुसार, इस विवाह सीजन में हर शादी पर औसतन 20 लाख रुपये का खर्च बाजार और विभिन्न सेवाओं के माध्यम से प्रवाहित होगा। यह खर्च केवल दूल्हा-दुल्हन के कपड़ों और गहनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि गृहस्थी के सामान, उपहार, खानपान, परिवहन, होटल बुकिंग, सजावट और मनोरंजन तक कारोबार की एक बड़ी श्रृंखला तैयार कर रहा है।
उपहार, इलेक्ट्रॉनिक्स और गृहस्थी का सामान: उपहार व विवाह सामग्री, किराना, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई, सूखे मेवे, फर्नीचर और घरेलू उपकरणों से सबसे अधिक लगभग 55 करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित है। इसका सीधा लाभ बड़े शोरूम के साथ-साथ कारीगरों, सिलाई, डिजाइनिंग, पैकिंग और छोटे स्थानीय दुकानदारों को भी मिल रहा है।
सराफा बाजार: विवाह की खरीदारी में सोना-चांदी और आभूषण सबसे बड़ा आकर्षण हैं, जिससे अकेले सराफा कारोबार में लगभग 48 करोड़ रुपये की गतिविधि होने की उम्मीद है।
कपड़ा बाजार: साड़ियों, लहंगों, शेरवानी, सूट और अन्य पारंपरिक परिधानों की बिक्री से कपड़ा कारोबार को करीब 27 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है।
शहर के तिलवारा, भेड़ाघाट रोड, बरगी हिल्स, अधारताल, कर्मेटा और विजय नगर जैसे इलाकों में स्थित होटल, बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन पूरी तरह बुक चल रहे हैं। कैट के आकलन के अनुसार सेवा क्षेत्र में होने वाला कारोबार इस प्रकार है:
फोटोग्राफी, डीजे और अन्य सेवाएं: फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, डीजे, लाइट-साउंड, परिवहन और ब्यूटी पार्लर जैसी सेवाओं से लगभग 36 करोड़ रुपये का व्यापार संभावित है।
मैरिज गार्डन और होटल: विवाह स्थलों, बैंक्वेट हॉल और होटलों की बुकिंग से 25 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
कैटरिंग सेक्टर: खानपान और कैटरिंग सेवाओं से भी करीब 25 करोड़ रुपये का व्यवसाय होने की उम्मीद है।
इवेंट और सजावट: इवेंट मैनेजमेंट से 12 करोड़ रुपये और फूलों व लाइटिंग की सजावट से 12 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
शादियों के इस सीजन ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ा दिए हैं। हलवाई, टेंट व्यवसायी, फूल विक्रेता, वेटर, सफाईकर्मी, वाहन चालक, फोटोग्राफर, मेकअप आर्टिस्ट, संगीतकार और दैनिक श्रमिकों को बड़े पैमाने पर काम मिल रहा है। इसके अलावा जबलपुर में बढ़ती होटल सुविधाओं और किफायती आयोजनों के चलते आसपास के जिलों के परिवार भी यहां शादियां कर रहे हैं, जिससे शहर डेस्टिनेशन वेडिंग के एक नए विकल्प के रूप में उभर रहा है।
यह भी पढ़ें- शादियों के सीजन में सोने-चांदी की कीमतों ने पकड़ी तेज रफ्तार! इंदौर में सोना 3,400 और चांदी 4,200 रुपये महंगी हुई