
बिजनेस डेस्क। मध्य प्रदेश में पशुपालन और डेयरी के बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक योजना चला रही है, जिसका नाम 'डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना' (Kamadhenu Scheme) है।
इस योजना के तहत पशुपालक अपनी कमाई को बढ़ा सकते हैं। योजना में 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी इकाई स्थापित कर सकते हैं, यहां तक कि सरकार डेयरी शुरू करने के लिए करीब 33 प्रतिशत तक सब्सिडी देती है, यानी करीब 14 लाख रुपये तक की सब्सिडी आपको मिल सकती है। इस योजना में अलग-अलग श्रेणी के अनुसार 10.50 लाख रुपये से लेकर 13.86 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलने का प्रावधान है।
अगर कोई 25 देशी गायों की डेयरी शुरू करता है, तो कुल लागत करीब 36 लाख रुपये आएगी और इस पर अनुसूचित जाति और जनजाति (एससी/एसटी) वर्ग के लाभार्थियों को 11.88 लाख रुपये और अन्य सभी वर्गों को 9 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
अगर कोई 25 संकर गायों या 25 भैंसों की डेयरी स्थापित करता है, तो कुल लागत 42 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। दोनों ही श्रेणियों में एससी/एसटी वर्ग के पशुपालकों को 13.86 लाख रुपये और अन्य वर्ग के आवेदकों को 10.50 लाख रुपये की सरकारी सब्सिडी दी जाएगी।
आवेदक को मध्य प्रदेश का निवासी होना चाहिए और आयु 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक के पास डेयरी फार्मिंग का प्रशिक्षण होना चाहिए और 25 पशुओं की एक इकाई के लिए कम से कम 3.50 एकड़ कृषि भूमि जरूरी है।
शुरुआत में सीधे नकद के बजाय बैक-एंडेड सब्सिडी दी जाएगी। इस योजना में लोन की अवधि 7 साल और 6 महीने की किस्तों पर छूट का प्रावधान बताया गया है, बता दें कि पहली लोन राशि मिलने के बाद 3 वर्ष का लॉक-इन पीरियड लागू रहेगा।
इच्छुक पशुपालक कामधेनु योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन साइन अप और आधार के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर जरूरी विवरण और दस्तावेज अपलोड करके आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- देसी जीरे के स्वाद ने हिला दी विदेशी कोल्ड ड्रिंक कंपनियों की कुर्सी! देखें पंजाब के 3 भाइयों का कमाल