
ऑटो डेस्क। अगर आप आने वाले दिनों में मारुति सुजुकी की नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो अब आपको पहले से थोड़े ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी चुनिंदा गाड़ियों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 22 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। कंपनी का कहना है कि गाड़ियां बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान की लागत लगातार बढ़ रही है, ऐसे में खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है। खास बात यह है कि चालू वित्त वर्ष में कंपनी चौथी बार अपनी कारों के दाम बढ़ा रही है।
मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया है कि बिक्री के हिसाब से चुनिंदा मॉडल्स की कीमतों में औसतन करीब 0.31 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। हालांकि, अलग-अलग मॉडल्स और वैरिएंट्स पर यह बढ़ोतरी अलग हो सकती है। फिलहाल कंपनी ने सभी प्रभावित मॉडल्स की नई कीमतों की पूरी सूची साझा नहीं की है।
वित्त वर्ष 2026-27 में यह चौथी बार है जब कंपनी ने कीमतें बढ़ाई हैं। इससे पहले चालू वित्त वर्ष के शुरुआती छह महीनों में कंपनी तीन बार दाम बढ़ा चुकी है, जिसमें कुल मिलाकर 1 प्रतिशत से ज्यादा का इजाफा हुआ था। सितंबर 2026 में कंपनी ने कुछ गाड़ियों की कीमतें 20,000 रुपये तक और जून में 30,000 रुपये तक बढ़ाई थीं।
कंपनी के मुताबिक, कच्चे माल की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है और पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का असर भी लागत पर पड़ा है। इससे कंपनी के मुनाफे पर दबाव बढ़ रहा है। मार्केटिंग समेत अन्य खर्चों में कटौती करने के बावजूद उत्पादन लागत बढ़ने के कारण कीमतों में बदलाव करना पड़ा है।
कंपनी का कहना है कि बढ़ती लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला गया है। फिर भी, अगर आप Maruti Suzuki की कार खरीदने जा रहे हैं, तो बुकिंग से पहले नजदीकी डीलरशिप से नई एक्स-शोरूम और ऑन-रोड कीमत जरूर पता कर लें, ताकि आपको अपना बजट तय करने में आसानी हो।
यह भी पढ़ें- Safety Electric Cars: परिवार की सुरक्षा से समझौता न करें! कार खरीदने से पहले जरूर देखें ये लिस्ट