_m.webp)
ऑटो डेस्क। इलेक्ट्रिक कार खरीदते समय आमतौर पर ग्राहकों का सबसे ज्यादा ध्यान बैटरी पैक, ड्राइविंग रेंज, कीमत और आधुनिक फीचर्स पर रहता है। लेकिन बदलते समय में परिवार की सुरक्षा भी उतनी ही बड़ी प्राथमिकता बन गई है। जिसके चलते अब कई लोग ऐसी गाड़ियां चुनते हैं जिनके सेफ्टी फीचर्स कमाल के होते हैं। आज हम बात करेंगे देश की उन 5 सबसे सुरक्षित इलेक्ट्रिक कारों की जो सेफ्टी के मामले में बेहद शानदार हैं।
लिस्ट में पहला नाम महिंद्रा की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक कूप एसयूवी XEV 9e का है। यह गाड़ी सुरक्षा के मामले में अव्वल रही है, क्योंकि भारत NCAP क्रैश टेस्ट में इसने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में पूरे 32 में से 32 पॉइंट हासिल किए हैं। जबकि चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में इसे 49 में से 45 पॉइंट मिले हैं। कुल 77 पॉइंट्स के साथ इसे पूरे 5-स्टार रेटिंग दी गई है।
टाटा मोटर्स की दमदार इलेक्ट्रिक एसयूवी हैरियर EV ने भी क्रैश टेस्ट में अपनी मजबूती साबित की है। इसे भी एडल्ट सेफ्टी में पूरे 32 में से 32 पॉइंट और बच्चों की सेफ्टी के लिए 49 में से 45 पॉइंट मिले हैं। जिससे इसका कुल स्कोर 77 पॉइंट रहा है और यह 5-स्टार रेटिंग के साथ देश की सबसे सुरक्षित ईवी में शामिल हो गई है।
युवा खरीदारों के बीच अपने स्पोर्टी लुक के लिए मशहूर महिंद्रा BE 6 कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी है। भारत NCAP टेस्ट में इस एसयूवी को एडल्ट सेफ्टी के लिए 32 में से 31.97 पॉइंट और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 45 पॉइंट हासिल हुए हैं। जिसके दम पर इसे भी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।
एसयूवी जैसे डिजाइन वाली महिंद्रा XEV 9S अपने सेगमेंट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग पाने वाली इकलौती इलेक्ट्रिक SUV है। क्रैश टेस्ट में इसे एडल्ट प्रोटेक्शन के लिए 31.15 पॉइंट और चाइल्ड सेफ्टी में 45 पॉइंट मिले हैं। जिससे इसका कुल स्कोर 76.15 पॉइंट रहा है।
किफायती बजट में सेफ्टी चाहने वालों के लिए टाटा पंच EV एक बेहतरीन ऑप्शन है। अपडेटेड पंच EV फेसलिफ्ट ने भारत NCAP टेस्ट में एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.09 पॉइंट और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 45 पॉइंट हासिल करते हुए 76.09 के कुल स्कोर के साथ 5-स्टार रेटिंग अपने नाम की है।
यह भी पढ़ें- अगले साल से हवा में उड़ती दिखेंगी कारें, महज 5 मिनट में सीख सकेंगे चलाना, जानें कीमत और फीचर्स