
बिजनेस डेस्क। अगर आप मध्य प्रदेश में रहते हैं और सोच रहे हैं कि अगले महीने बैंक जाकर अपना सारा काम निपटा लें, तो रुकिए जरा और पहले ये खबर पढ़ लीजिए।
दरअसल मध्य प्रदेश के बैंककर्मी हड़ताल पर जा रहे हैं, जिस वजह से बैंक का कामकाज प्रभावित होगा और आपको परेशानी हो सकती है। 3 दिसंबर को 11 बड़े बैंकों के क्लर्क लेवल के करीब 8 हजार कर्मचारी काम नहीं करेंगे, जिससे बैंकों में लेन-देन पर असर पड़ेगा। ये प्रदर्शन आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के खिलाफ बैंककर्मियों का है।
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर देशभर के लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी बैंक हड़ताल में शामिल होंगे। इन बैंककर्मियों की मांग है कि आईडीबीआई बैंक का निजीकरण और विदेशीकरण रोका जाए और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की रक्षा की जाए। हड़ताल से पहले देशभर में प्रदर्शन, बैज धारण, ट्विटर/X अभियान आदि के कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।
12 में से 11 बैंकों में हड़ताल का असर दिखाई देगा, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं। हालांकि एसआईबी के कर्मचारी भी इसमें शामिल होंगे, लेकिन उनकी संख्या कम है।
ऐसे में अगर आप 3 दिसंबर को बैंक जाने का मन बना रहे थे, तो इस दिन जाने से बचें।
यह भी पढ़ें- Bank Holiday: 23 से 29 नवंबर के बीच 5 दिन बंद रहेंगे बैंक! चेक करें किस राज्य में कब रहेगी छुट्टी