
बिजनेस डेस्क। मध्य प्रदेश में दूध के बाद अब दालों की कीमतों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। भोपाल में अच्छी क्वालिटी की तुअर दाल एक सप्ताह में 12 रुपये प्रति किलो तक महंगी होकर 150 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। हालांकि, आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि शक्कर, आटा, मैदा और ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे किचन का बजट फिलहाल संतुलित बना हुआ है। थोक व्यापारियों के मुताबिक, दीपावली के बाद मांग और आवक के आधार पर भाव में यह उतार-चढ़ाव हो रहा है क्योंकि मंडियों में पुराना स्टॉक सीमित है।
थोक चावल-दाल व्यापारी संघ के अनुसार, भोपाल से आसपास के जिलों में रोजाना 100 टन से अधिक दालों की आपूर्ति होती है।
किराना बाजार में 1 नवंबर को शक्कर का भाव 61 रुपये प्रति किलो था, जो 3 रुपये घटकर अब 58 रुपये प्रति किलो पर आ गया है। इसी तरह आटे का भाव 33.50-35 रुपये से घटकर 32 से 34 रुपये प्रति किलो और मैदा 36-37 रुपये से कम होकर 34.50 से 35.50 रुपये प्रति किलो रह गया है। इसके विपरीत, बेसन के दाम 92-95 रुपये से बढ़कर 98 से 105 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें- प्याज ने फिर निकाले आम आदमी के आंसू! 35 रुपये से सीधा 70 रुपये किलो पहुंचे दाम, रसोई का बजट गड़बड़ाया
दीपावली के बाद ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी 5 से 10 प्रतिशत की गिरावट आई है। किशमिश का भाव 400-550 रुपये से घटकर 350 से 500 रुपये प्रति किलो और बादाम 850-1200 रुपये से घटकर 800 से 1100 रुपये प्रति किलो हो गया है, जबकि काजू 850 से 1200 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है।