
बिजनेस डेस्क। स्थानीय खुदरा बाजार में प्याज की कीमतों ने एक बार फिर आम आदमी को रुलाना शुरू कर दिया है। कुछ दिन पहले तक 30 से 35 रुपये प्रति किलो बिकने वाला प्याज अब 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। थोक मंडी में भी प्याज के दाम 45 से 50 रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए हैं। छोटे दुकानदारों का कहना है कि उन्हें मंडी से ही महंगा प्याज मिल रहा है, इसलिए मजबूरी में ऊंचे दाम पर बेचना पड़ रहा है, जबकि आम लोगों का आरोप है कि बड़े व्यापारी जानबूझकर स्टॉक रोककर कृत्रिम महंगाई बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय मंडी में मुख्य रूप से नासिक से आने वाले प्याज की आपूर्ति ज्यादा होती है। फिलहाल मंडी में रोजाना 10 से 12 गाड़ी प्याज की आवक हो रही है। थोक बाजार में नासिक का प्याज करीब 50 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है, लेकिन खुदरा बाजार तक पहुंचते-पहुंचते इसकी कीमत 70 रुपये किलो तक हो गई है। वहीं, लोकल प्याज भी 45 से 50 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है।
प्याज की इस महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। बढ़ते दामों के कारण गृहणियों ने रसोई में प्याज की खपत आधी कर दी है और कई घरों में सलाद व सब्जियों से प्याज गायब होने लगा है। इसके अलावा होटल, ढाबा और ठेले वालों की परेशानी भी बढ़ गई है, क्योंकि वे महंगा प्याज खरीदने के बावजूद ग्राहकों से खाने के दाम नहीं बढ़ा पा रहे हैं।