
बिजनेस डेस्क। मध्य प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाडली बहनें हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। योजना के तहत फिलहाल पात्र महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह दिए जा रहे हैं। हालांकि, नवंबर में 42वीं किस्त आने से पहले यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या इस बार बैंक खातों में ₹1,750 आएंगे या फिर महिलाओं को ₹1,500 से ही संतोष करना पड़ेगा?
10 जून 2023: योजना की शुरुआत में महिलाओं को ₹1,000 प्रति माह दिए जाने लगे।
सितंबर 2023: पहली बढ़ोतरी के तहत सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,250 किया गया।
नवंबर 2025: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने ₹250 की बढ़ोतरी कर राशि को ₹1,500 प्रति माह कर दिया।
अगस्त 2026 में विशेष तोहफा: रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को नियमित किस्त के साथ ₹250 अतिरिक्त यानी कुल ₹1,750 दिए गए थे, लेकिन वह एकमुश्त उपहार था।
अक्टूबर 2026 में 41वीं किस्त जारी होने के बाद अब 42वीं किस्त का इंतजार है। योजना की शुरुआत में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था के अनुसार राशि ₹1,750, ₹2,000 और अंततः ₹3,000 तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री मोहन यादव भी 2028 तक ₹3,000 का लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता जता चुके हैं।
हालांकि, मौजूदा स्थिति को देखें तो सरकार ने 42वीं किस्त को स्थायी रूप से ₹1,750 करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है। ऐसे में पूरी संभावना है कि नवंबर 2026 की किस्त के रूप में महिलाओं के खातों में नियमित ₹1,500 ही ट्रांसफर किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- 10 Years of Demonetisation: नोटबंदी का एक दशक पूरा, 8 नवंबर 2016 से 2026 तक देश की अर्थव्यवस्था में कितना कुछ बदला?