
बिजनेस डेस्क। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी को केवल मजदूरी या कम आमदनी के पैमाने पर नहीं मापा जा सकता है। एक लिंक्डइन पोस्ट में वर्ल्ड बैंक की भारत पर जारी ताजा गरीबी और समानता रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता और इलाज की सुविधा के बिना कोई भी परिवार आर्थिक संकट से बाहर नहीं निकल सकता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो गई है।
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि आमदनी बढ़ने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते परिवार कमजोर बने रहते हैं और एक गंभीर बीमारी उनकी पूरी जमापूंजी खत्म कर उन्हें दोबारा गरीबी में धकेल सकती है। सीतारमण के मुताबिक, आजादी के छह दशकों बाद भी भारत को विदेशों में गरीबी से जूझते देश के रूप में देखा जाता था, क्योंकि स्वच्छता, पोषण, साफ ईंधन और बैंकिंग जैसी सुविधाएं पिछड़ी हुई थीं।
पहले यह माना जाता था कि सिर्फ पैसे बांटने से गरीबी दूर हो जाएगी, लेकिन केंद्र सरकार ने इस तरीके को न अपनाकर परिवारों की अलग-अलग जरूरतों और कमियों को दूर करने वाली लक्षित योजनाओं पर काम किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई जादू की छड़ी नहीं थी, बल्कि आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने और सख्त निगरानी से यह बदलाव आया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पिछले 10 दिनों में तीन प्रमुख कार्यक्रमों के दौरान इस उपलब्धि का उल्लेख किया है:
22 नवंबर: गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट देखकर स्वतंत्रता सेनानी भी खुश होते कि देश से गरीबी दूर हो रही है।
19 नवंबर: फिक्की (FICCI) के शताब्दी समारोह में उन्होंने कहा कि बीते 12-13 वर्षों में युवाओं, किसानों, मजदूरों और उद्योग जगत के योगदान से करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं।
13 नवंबर: कर्नाटक में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान पीएम ने बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को देश से भीषण गरीबी मिटाने में बड़ा मददगार बताया।
यह भी पढ़ें- म्यूजिक के लिए छोड़ा ऑक्सफोर्ड, अब बॉलीवुड पर राज करने की तैयारी में अनन्या बिड़ला!