
बिजनेस डेस्क। आपने अक्सर बाजार में ऐसी कई चीजें देखी होगी होगी जिसमें कुछ ऐसी चीजें लिखी होती है, जो आम तौर पर मुमकिन ही नहीं होता है। ऐसी चीजों के जरिए जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश की जाती है। लेकिन अब इस पर रोक लगने वाली है।
जब भी हम बाजार से कोई सामान खरीदते हैं, तो पैकेट पर लिखे बड़े-बड़े दावों जैसे किसी क्रीम पर 'Pimple Free', 'गोरा बना देंगे' और 'बाल झड़ना बंद' इस पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं। कई बार ग्राहक इन लुभावने दावों के कारण दूसरे प्रोडक्ट्स के मुकाबले ज्यादा पैसे भी खर्च कर देते हैं। लेकिन अब कंपनियों के लिए ग्राहकों को ऐसे गुमराह करना आसान नहीं होगा। केंद्र सरकार अब ऐसे प्रोडक्ट्स के लेबल और ट्रेडमार्क की सघन जांच करने की तैयारी में है।
खाने-पीने और कॉस्मेटिक्स पर शिकंजा: उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय (Ministry of Consumer Affairs) जल्द ही खाने-पीने की चीजों और कॉस्मेटिक्स प्रोडक्ट्स के पैकेट पर लिखे दावों की जांच शुरू करेगा। इसमें 'मैदा फ्री ब्रेड', '100% नेचुरल', '100% होल व्हीट', 'नो ऐडेड शुगर' और 'पिंपल फ्री' जैसे दावे शामिल हैं।
देना होगा ठोस सबूत: कंपनियों को अब बकायदा वैज्ञानिक और भरोसेमंद सबूतों के साथ यह साबित करना होगा कि उनके प्रोडक्ट में वाकई वे खूबियां मौजूद हैं। सरकार का मानना है कि भ्रामक दावों के दम पर ग्राहकों से ज्यादा कीमत वसूलना पूरी तरह गलत है।
बाजार से हटेंगे सामान: सरकार इस मामले में DPIIT (उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग) के साथ मिलकर ट्रेडमार्क और लेबल की जांच का तरीका तैयार कर रही है। अगर प्रोडक्ट की असली सामग्री और पैकेट पर लिखे दावों में अंतर पाया गया, तो उस सामान को बाजार से हटाने (Ban) की सिफारिश की जा सकती है।
CCPA कसेगा शिकंजा: केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना लगा सकता है।
पहले भी लग चुका है जुर्माना: इससे पहले जून में 'Storia Foods' पर '100% Tender Coconut Water' (जो कि असल में कॉन्संट्रेट और पानी का मिश्रण था) और 'Mrs. Bectors Food Specialities' पर '100% Atta Bread' के झूठे दावों को लेकर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। अब इस सख्ती को और ज्यादा बढ़ाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- MS Dhoni Net Worth: संन्यास के बाद भी हर महीने करोड़ों कमाते हैं माही! जानें एमएस धोनी की नेटवर्थ