
बिजनेस डेस्क। अगर भारतीय स्टूडेंट विदेश में पढ़ाई करते है या कोई भारतीय नागरिक अपनी नौकरी के लिए विदेश में रहता है तो वोट के लिए भारत आना आमतौर पर मुमकिन नहीं होता है, फ्लाइट के खर्चें से लेकर हर चीज की परेशानी हो जाती है। ऐसे में आपके पास एक उपाय है, प्रवासी भारतीय अपना नाम उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में दर्ज कराकर विधानसभा चुनावों में मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6ए (Form 6A) भरकर प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, इस सुविधा का लाभ वही भारतीय उठा सकते हैं जो भारत के नागरिक हों और जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली हो। आवेदक की आयु 1 जनवरी, 2027 तक कम से कम 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए। प्रवासी भारतीय का नाम उसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज किया जाएगा, जहां का पता उनके भारतीय पासपोर्ट में दिया गया है।
आवेदक चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो और भारतीय पासपोर्ट की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी अपलोड करनी होंगी।
जो लोग ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, उन्हें संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में फॉर्म-6ए और पासपोर्ट की कॉपी जमा करानी होगी, साथ ही मूल पासपोर्ट भी वेरिफिकेशन के लिए दिखाना होगा।
इसके अलावा डाक के जरिए आवेदन भेजने की भी व्यवस्था है, जिसके तहत पासपोर्ट आकार की फोटो और भारतीय पासपोर्ट की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी भेजनी होंगी।
यह भी पढ़ें- कहीं कोई दूसरा तो नहीं देख रहा आपके घर के CCTV कैमरे की लाइव फुटेज? तुरंत बदल दें ये सेटिंग्स