
टेक्नोलॉजी डेस्क। आजकल घरों में स्मार्ट गैजेट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजता और सुरक्षा को बड़े खतरे में डाल सकती है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट टीवी, वाई-फाई राउटर, स्मार्ट स्पीकर और डिजिटल लॉक के जरिए साइबर अपराधी आपके घर में सेंध लगा सकते हैं। हाल ही में जबलपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां डिफॉल्ट पासवर्ड न बदलने के कारण घर के सीसीटीवी कैमरे की लाइव फीड कोई दूसरा व्यक्ति अपने मोबाइल पर देख रहा था।
सीसीटीवी कैमरा और स्मार्ट लॉक: यदि कैमरे का पासवर्ड कमजोर है या इंस्टॉलेशन के समय का डिफॉल्ट पासवर्ड नहीं बदला गया है, तो कोई भी अनजान व्यक्ति आपके घर की लाइव फुटेज देख सकता है। इससे घर के खाली होने या सदस्यों के आने-जाने की जानकारी बाहर जा सकती है। वहीं, स्मार्ट लॉक के अकाउंट में सेंध लगने से घर की सुरक्षा व्यवस्था खतरे में पड़ सकती है।
वाई-फाई राउटर और स्मार्ट स्पीकर: राउटर होम नेटवर्क की रीढ़ होता है। इसका सॉफ्टवेयर पुराना होने या पासवर्ड कमजोर होने से इससे जुड़े बाकी सभी गैजेट्स भी हैक हो सकते हैं। इसके अलावा, स्मार्ट स्पीकर की प्राइवेसी सेटिंग सही न होने पर आपकी निजी बातचीत लीक होने का खतरा रहता है।
स्मार्ट टीवी, वॉच और वीडियो डोरबेल: असुरक्षित ऐप्स और क्लाउड डेटा में सेंध के जरिए स्मार्ट टीवी से निजी जानकारी, स्मार्ट वॉच से लोकेशन व हेल्थ डेटा और वीडियो डोरबेल का एक्सेस लीक हो सकता है।
डिफॉल्ट पासवर्ड तुरंत बदलें: किसी भी नए डिवाइस को सेटअप करने के बाद उसका डिफॉल्ट पासवर्ड बदल दें और हर गैजेट के लिए अलग व मजबूत पासवर्ड रखें।
टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA): सभी स्मार्ट डिवाइस और उनके ऐप्स में 2FA जरूर चालू करें।
राउटर सुरक्षा और गेस्ट नेटवर्क: वाई-फाई राउटर में WPA2 या WPA3 सुरक्षा का इस्तेमाल करें और मेहमानों के लिए अलग गेस्ट नेटवर्क बनाएं।
नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट: सभी गैजेट्स के सॉफ्टवेयर और फर्मवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
ऐप परमिशन और प्राइवेसी जांच: किसी भी अनजान ऐप को कैमरा, माइक्रोफोन और लोकेशन की अनुमति न दें। कैमरे व स्पीकर की प्राइवेसी सेटिंग नियमित जांचें और पुराने या बिना इस्तेमाल वाले उपकरणों को नेटवर्क से हटा दें।
यह भी पढ़ें- आम जनता के लिए बड़ी राहत! चुनावों के चलते देश में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम