
बिजनेस डेस्क। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले कई हफ्तों से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे बनी हुई हैं, जिसका सीधा असर दुनियाभर में ईंधन की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। GlobalPetrolPrices.com के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर पेट्रोल का औसत दाम 140 रुपये के नीचे फिसलकर 139.17 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है, जो पिछले हफ्ते 142.48 रुपये था। इसी तरह डीजल का वैश्विक औसत भाव भी 152.77 रुपये से घटकर 149.27 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है।
आज गुरुवार 26 नवंबर की सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। इस बीच भारत की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने भी 26 नवंबर के लिए पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट जारी कर दिए हैं।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में पेट्रोल की औसत कीमत 108 रुपये प्रति लीटर और डीजल की औसत कीमत 98.10 रुपये प्रति लीटर है।
पूरी दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल लीबिया में बिक रहा है, जहां इसकी कीमत महज 2.14 रुपये प्रति लीटर है (पहले यह 2.17 रुपये थी)। वहीं भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल पोर्ट ब्लेयर में 88.66 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, जहां मई 2026 के बाद से दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
दुनिया का सबसे सस्ता डीजल वेनेजुएला में मिलता है, जहां 1 लीटर डीजल की कीमत 1 रुपये से भी कम यानी महज 38 पैसे प्रति लीटर है। भारत में सबसे सस्ता डीजल पोर्ट ब्लेयर में 84.56 रुपये प्रति लीटर है।
दुनिया में सबसे महंगा डीजल हांगकांग में 441.63 रुपये प्रति लीटर (पिछले हफ्ते 445.82 रुपये) और पेट्रोल 410.75 रुपये प्रति लीटर (पिछले हफ्ते 413.54 रुपये) बिक रहा है। भारत की बात करें तो सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल 106.06 रुपये प्रति लीटर है।
आमतौर पर अमीर और विकसित देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें काफी ज्यादा होती हैं, जबकि कम आय वाले और तेल उत्पादक देशों में ईंधन सस्ता मिलता है। हालांकि, दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के बावजूद अमेरिका इसका एक बड़ा अपवाद है, जहां ईंधन की कीमतें अपेक्षा से काफी कम हैं। दरअसल, हर देश में अंतरराष्ट्रीय क्रूड रेट के बाद स्थानीय सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स और दी जाने वाली सब्सिडी के आधार पर खुदरा कीमतें तय होती हैं, जिससे दाम में इतना बड़ा अंतर आता है।
भारत में ऑयल कंपनियां रोजाना रेट जारी करती हैं, लेकिन कीमतों में बड़ा बदलाव सरकार की हरी झंडी के बाद ही होता है। इसके अलावा, आज अगर कच्चा तेल 95 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है, तो उसकी डिलीवरी भारत में जनवरी 2027 में मिलेगी। आज जो तेल भारत में रिफाइन हो रहा है, उसका सौदा अक्टूबर महीने के ऊंचे रेट पर हुआ था।
जब कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार था, तब सरकारी तेल कंपनियों ने भारी घाटा उठाया था और अब भी वे दबाव में हैं। कच्चे तेल के दाम अभी भी युद्ध से पहले वाले सामान्य स्तर पर नहीं लौटे हैं, इसलिए कंपनियां पहले अपना पुराना नुकसान पूरा करेंगी और उसके बाद ही आम जनता को दाम में राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- Indore Sarafa Bazaar: फेडरल रिजर्व के डर से हड़कंप, जानिए इंदौर, उज्जैन और रतलाम में क्या हैं सोने-चांदी के ताजा भाव