
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आम आदमी की थाली में महंगाई तेजी से असर दिखा रही है। पिछले एक सप्ताह के भीतर ही तुअर, चना और मूंग दाल के भाव में करीब 20 प्रतिशत तक का उछाल देखा गया है। दूध 73 से 80 रुपये लीटर तक बिक रहा है। प्याज भी 60-70 रुपये किलो बेस्ट हो गई है।
दाल 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है। सबसे ज्यादा बिकने वाली तुअर दाल 150-160 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गई है। सरसों और सोयाबीन तेल के भाव भी रोज बढ़ रहे हैं और 200 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं।
शहर के थोक और फुटकर बाजार में पिछले एक महीने में ही चार लोगों के परिवार के राशन के बजट में एक से डेढ़ हजार रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जो परिवार 8 से 9 हजार रुपये में महीने भर का राशन चला लेता था, अब उसे उसी सामान के लिए 10 से 11 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इसमें दाल, तेल, दूध, प्याज, आलू, मसाले और गैस तक का खर्च शामिल है।
सराफा क्षेत्र में रहने वाली गृहिणी राखी सोनी कहती हैं, पहले महीने में 3 किलो तुअर दाल आती थी, अब 2 किलो में ही काम चलाना पड़ रहा है। पहले शाम को कभी पनीर या कोई विशेष सब्जी बन जाती थी, अब हफ्ते में एक बार ही बन पाती है। पति की तनख्वाह वही है, लेकिन खर्च हर महीने बढ़ रहा है।
सदर के रहने वाले गाड़ी मिस्त्री सोनू बताते हैं, हम रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं। दाल 150-160 रुपये किलो तक हो गई है। तेल 200 रुपये के पार है। अब दाल की जगह आलू-प्याज की सब्जी से ही काम चलाना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई और मकान किराया भी है। महंगाई ने जीना मुश्किल कर दिया है।
किराना व्यापारी प्रमोद केसरवानी कहते हैं, ग्राहक अब सामान कम ले रहे हैं। जो पहले 5 किलो तेल लेता था, अब 2 किलो ले रहा है। दाल की मांग है पर कम। बिक्री घटी है।
अर्थशास्त्री डाॅ. मनीषा शर्मा का मानना है कि महंगाई अभी और बढ़ सकती है। उनका कहना है, शादियों का सीजन और ठंड में मांग बढ़ने से खाद्य वस्तुओं के दाम ऊंचे बने रहेंगे। सरकार को गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करना होगा, ताकि आम आदमी को राहत मिल सके।
इस हिसाब से एक साल में ही दाल में 40 से 50 रुपये, तेल में 35 से 40 रुपये, दूध में 15 से 20 रुपये और प्याज में 35 रुपये किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। यानी एक साल में ही रसोई का खर्च करीब 20 से 25 प्रतिशत बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- बिना तलाक दूसरी पत्नी की डिलीवरी, पहली पत्नी ने जबलपुर में निजी अस्पताल पहुंचकर किया हंगामा